1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सुसाइड करने नदी में कूदा युवक, ठंडे पानी में पहुंचते ही बदला मन, फिर जो हुआ वो कैमरे में कैद हो गया; VIDEO

सुसाइड करने नदी में कूदा युवक, ठंडे पानी में पहुंचते ही बदला मन, फिर जो हुआ वो कैमरे में कैद हो गया; VIDEO

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 04, 2026 04:01 pm IST,  Updated : Sep 04, 2026 04:07 pm IST

यूपी के मऊ से आत्महत्या की कोशिश का एक अजीब मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने खुदखुशी के इरादे से तमसा नदी में छलांग लगा दी। लेकिन पानी में कूदते ही उसका मूड बदल गया और मदद के लिए चिल्लाने लगा।

suicide- India TV Hindi
आत्महत्या करने नदी में कूदा युवक। Image Source : REPORTER INPUT

मऊ: गुस्से में उठाया गया एक खौफनाक कदम उस समय जीवन और मौत के बीच संघर्ष में बदल गया, जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की नीयत से तमसा नदी पर बने रेलवे पुल से तेज धारा में छलांग लगा दी। लेकिन नदी के ठंडे पानी और तेज बहाव में पहुंचने के बाद युवक का इरादा बदल गया और वह अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करने लगा। तभी घाट पर मौजूद मल्लाह समाज के साहसी नाविक उसके लिए देवदूत बनकर सामने आए और अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना यूपी के मऊ की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के नदी में छलांग लगाने के बाद कुछ देर तक घाट पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। तेज धारा में फंसा युवक डूबने से बचने के लिए संघर्ष करने लगा। यह देखकर वहां मौजूद नाविकों ने बिना समय गंवाए अपनी छोटी नावों को नदी में उतार दिया।

तेज धारा से मुकाबला कर युवक तक पहुंचे नाविक

रेस्क्यू के दौरान नाविकों की टोली ने साहस, आपसी तालमेल और तैराकी के बेहतरीन कौशल का परिचय दिया। पानी के तेज बहाव के बीच नाविक तेजी से युवक तक पहुंचे और उसे सुरक्षित पकड़कर नाव पर खींच लिया। इसके बाद युवक को धारा से सुरक्षित निकालते हुए किनारे तक लाया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली। नाविकों की तत्परता और साहस के चलते एक कीमती जान बच गई।

वायरल वीडियो में कैद हुआ रेस्क्यू

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कैमरा युवक के पीछे-पीछे नदी किनारे तक पहुंचता दिखाई देता है। वीडियो में युवक से उसका नाम पूछा जाता है, जिस पर वह अपना नाम संतोष बताता सुनाई देता है, हालांकि इसके आगे वीडियो बंद हो जाता है। फिलहाल, समय रहते किए गए साहसिक रेस्क्यू के कारण युवक की जान बच गई है। मल्लाह समाज के नाविकों के इस जज्बे और मानवता भरे प्रयास की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।

देखें वीडियो-

जब सुसाइड करने यमुना में कूदा शख्स

बता दें कि ऐसी ही एक घटना मथुरा जिले में भी सामने आई थी, जहां पारिवारिक कलह से तंग आकर 50 साल के शख्स ने यमुना नदी में छलांग लगा दी थी, लेकिन पानी में गिरते ही उसका इरादा बदल गया और वह बचाने के लिए चिल्लाने लगा। आस पास से गुजर रहे लोगों ने उसकी चीख सुनी तो पुलिस को जानकारी दी और उसे किसी तरह से बचा लिया गया।

वहीं, ग्रेटर नोएडा में प्रेमी ने शादी से मना किया तो प्रेमिका इतना नाराज हो गई कि उसने हिंडन नदी में छलांग लगा दी

यह भी पढ़ें-

सगे मामा ने ड्राइवर के साथ मिलकर 15 साल की भांजी से किया गैंगरेप, नाबालिग ने बचने के लिए चलते ट्रक से लगाई छलांग

घर से गुटखा लेने पहुंचा युवक, पहुंच गया अस्पताल और चौथी मंजिल से लगा दी छलांग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।