1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नहर में कूदकर सिपाही ने बचाई महिला की जान, खुद कीचड़ में फंसा; हुई मौत

नहर में कूदकर सिपाही ने बचाई महिला की जान, खुद कीचड़ में फंसा; हुई मौत

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 18, 2025 02:16 pm IST,  Updated : May 18, 2025 02:16 pm IST

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक महिला की जान बचाने के चक्कर में सिपाही की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति से विवाद के बाद महिला ने नहर में छलांग लगा दी। इसे देख सिपाही भी उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया। हालांकि महिला की जान तो बचा ली गई, लेकिन सिपाही की मौत हो गई।

सिपाही की हुई मौत।- India TV Hindi
सिपाही की हुई मौत। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद में एक सिपाही की नहर में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक एक महिला ने नहर में कूदकर जान देने की कोशिश की। इस घटना को देखते ही पास में मौजूद यूपी पुलिस का एक सिपाही उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया। सिपाही ने कड़ी मशक्कत करके महिला की जान बचा ली। हालांकि वह खुद नहर में मौजूद कीचड़ में फंस गया, जिससे उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने सिपाही को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

छह महीने महिला का हुआ था प्रेम विवाह

पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वैशाली सेक्टर 2 की रहने वाली महिला ने हिंडन नहर में छलांग लगा दी। ये महिला मूल रूप से मेरठ के सरधना की रहने वाली थी। वहीं महिला की पहचान आरती के रूप में हुई है। आरती ने छह महीने पहले आदित्य नाम के शख्स ने प्रेम विवाह किया था। हालांकि शादी के बाद से दोनों के रिश्ते ठीक नहीं थे। घटना की सुबह आरती का उसके पति के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इससे नाराज होकर आरती नहर में कूद गई।

महिला को बचाने के लिए कूदा पुलिसकर्मी

ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त (DCP) निमिष पाटिल ने बताया, ‘‘पास में ही ड्यूटी पर मौजूद यातायात उप निरीक्षक (TSI) धर्मेंद्र और सिपाही अंकित तोमर ने आरती को बचाने के लिए तुरंत नहर में छलांग लगा दी। कई राहगीर भी बचाव कार्य में शामिल हुए। आरती को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन टीएसआई और तोमर नहर की कीचड़ भरी सतह में फंस गए।’’ उन्होंने बताया, ‘‘टीएसआई किसी तरह खुद को बाहर निकालने में कामयाब रहे, लेकिन तोमर फंस गए। गोताखोर आखिरकार तोमर को बाहर निकालने में सफल रहे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।’’ फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।