1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में बुधवार का कैसा रहेगा मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत या जारी रहेगा हीटवेव का सितम?

यूपी में बुधवार का कैसा रहेगा मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत या जारी रहेगा हीटवेव का सितम?

 Published : Jun 09, 2026 04:03 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 04:03 pm IST

उत्तर प्रदेश में इस वक्त भयंकर गर्मी पड़ रही है। पूर्व यूपी से लेकर ​पश्चिमी यूपी तक इसका प्रकोप है, यहां तक कि तराई के इलाके भी झुलस रहे हैं। 10 जून बुधवार को भी इससे राहत की कोई बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं है।

severe heat in Agra UP- India TV Hindi
यूपी के आगरा में भी जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। Image Source : PTI

यूपी में इस वक्त मौसम गजब ढा रहा है। पिछले कुछ दिन से बारिश नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल जबरदस्त हीटवेब चल रही है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम बदलने की बात कही जा रही है। लेकिन अभी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तापमान 42 से 45 डिग्री तक जाने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच बुधवार यानी 10 जून को यूपी का मौसम कैसा रह सकता है, ये अभी से जान लीजिए, ताकि जब आप घर से निकलें तो कोई ज्यादा दिक्कत ना हो। 

यूपी में जबरदस्त गर्मी, मानसून का इंतजार

उत्तर प्रदेश में भयंकर गर्मी से पीड़ित लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। बीच बीच में बारिश से हल्की राहत तो मिलती है, लेकिन दो से ​तीन दिन बाद फिर से लू के थपेड़ों ने जीना मुहाल कर दिया है। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही सूरज थोड़ा ऊपर आता है, गर्मी का प्रकोप शुरू हो जाता है। शाम सात बजे जब धूप ढलती है, उसके बाद भी गर्म हवाओं का सिलसिला चलता रहता है। देर रात तक गर्मी का अहसास होता है। कुछ जगह का तापमान तो इतना ज्यादा हो गया है कि पंखे को छोड़ दीजिए, कूलर भी फेल साबित हो रहे हैं। 

कुछ जगह 45 डिग्री तक जा सकता है अधिकतम तापमान

अब अगर बुधवार यानी 10 जून के मौसम की बात की जाए तो जैसा कि हमने पहले ही बताया कि पश्चिमी यूपी में तापमान 42 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं पूर्वी यूपी की बात की जाए तो यहां भी उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने का काम करेगी। राजधानी लखनऊ का तापमान 42 डिग्री तक रह सकता है, वहीं नोएडा का पारा 44 डिग्रीत कि जाने की आशंका जताई जा रही है। आगरा में भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस बीच अच्छी बात ये है कि कुछ इलाकों में प्री मानसूनी बारिश और आंधी तूफान की भी संभावना है। दूसरे सप्ताह में काफी हद तक मौसम बदल सकता है। 

यूपी के प्रमुख शहरों के तापमान का पूर्वानुमान
Image Source : INDIA TVTemperature forecast for major cities of UP

उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना, तेज हवा और आंधी भी आ सकती है

पूर्वी यूपी के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, वाराणसी मंडल के कुछ हिस्से में शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है। पश्चिमी यूपी की बात की जाए तो यहां पर मौसम शुष्क रहेगा। इस बीच कहीं-कहीं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। तराई क्षेत्र की बात की जाए तो पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और बहराइच में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। हालांकि बारिश इतनी नहीं होगी कि जिससे राहत की सांस ली जाए। हल्की बारिश से कुछ देर तक तो अच्छा लगेगा, लेकिन उसके बाद फिर वैसा ही हाल जो जाएगा। उमस और बढ़ने की भी बात सामने आ रही है। 

यह भी पढ़ें 

ये कैसी मां? 7 महीने के बेटे को उतारा मौत के घाट, पति ने सख्ती से की पूछताछ तो खुला राज

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी पर यूपी में बड़ी कार्रवाई, घर पर चला बुलडोजर, एक्शन मोड में पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।