मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेवफा पत्नी ने जो खूनी खेल रचा, उसे सुनकर हर किसी की आत्मा कांप गई है। दरअसल इस शादीशुदा महिला का किसी दूसरे शख्स के साथ अवैध संबंध था, जिसकी वजह से उसने अपने पति की हत्या की साजिश रची और महिला के प्रेमी ने पति को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा तथा मृतक के खून से सने कपड़े और चादर भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी 2026 की सुबह थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम मलीरा के जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान संदीप पुत्र भंवर सिंह निवासी ग्राम मलीरा के रूप में की।
मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 67/2026 धारा 103(1), 328ए बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर दो टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 16 फरवरी को रोडवेज बस स्टैंड से गौतम उर्फ सौरभ निवासी सदरूद्दीननगर माजरा थाना भौराकला और मृतक की पत्नी मीनाक्षी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों के बीच अवैध संबंध थे। मृतक को रास्ते से हटाने के लिए योजना बनाई गई। 14 फरवरी की रात पत्नी ने संदीप को खाने में नींद की गोली दे दी, जिसके बाद प्रेमी ने हथौड़े से सिर, चेहरे और गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को मोटरसाइकिल पर ले जाकर गांव के बाहर फेंक दिया गया तथा सबूत मिटाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। (इनपुट: मुजफ्फरनगर से योगेश त्यागी)
संपादक की पसंद