1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. निर्भय गुर्जर गैंग का सक्रिय सदस्य यूपी से इस शहर में गिरफ्तार, 23 साल से था फरार

निर्भय गुर्जर गैंग का सक्रिय सदस्य यूपी से इस शहर में गिरफ्तार, 23 साल से था फरार

 Published : Sep 29, 2025 11:06 pm IST,  Updated : Sep 29, 2025 11:06 pm IST

यूपी पुलिस ने 23 वर्ष से फरार चल रहे निर्भय गुर्जर गैंग के सक्रिय सदस्य और 50,000 रुपये के इनामी बबलू उर्फ टाइगर उर्फ जितेन्द्र को गिरफ्तार किया है।

nirbhay singh gujjar gang member arrested- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS

उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने 23 वर्ष से फरार चल रहे निर्भय गुर्जर गैंग के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए शख्स की पहचान बबलू उर्फ टाइगर उर्फ जितेन्द्र के रूप में की गई है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी 23 वर्ष से फरार चल रहा था और उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। आइए जानते हैं कि कैसे पकड़ा गया है निर्भय गुर्जर गैंग का ये एक्टिव सदस्य।

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

थाना डौकी पुलिस टीम द्वारा 29 सितंबर को संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की चेकिंग/तलाश की जा रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति संदिग्ध लग रहा है जिसके पास अवैध हथियार भी हो सकता है और वह नगला देवहंश के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है।

पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए अभियुक्त बबलू उर्फ टाइगर उर्फ जितेन्द्र को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा व 01 जीवित कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। जिस सम्बन्ध में थाना डौकी पर मु0अ0सं0-157/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत किया गया। उक्त अभियुक्त वर्ष 2002 में ग्राम राठोरी थाना पिढौरा आगरा के हरिओम उर्फ कल्ला के अपहरण के मामले में वांछित चल रहा था।

पूछताछ में क्या सामने आया?

पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर अभियुक्त द्वारा अपना नाम बबलू उर्फ टाइगर उर्फ जितेन्द्र पुत्र शिवकुमार उर्फ राजकुमार बताया गया। अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह निर्भय गुर्जर गैंग का सक्रिय सदस्य है, गैंग का मुखिया निर्भय गुर्जर था। उक्त दोनों लोग पैसे वाले लोगों का अपहरण करते थे और उनसे फिरौती वसूलते थे। अभियुक्त का कार्य अपहरण करने वाले व्यक्ति की रेकी कर उस व्यक्ति को साथियों के साथ अपहरण करना व उक्त पकड़ (अपहृत) को चम्बल के बिहड़ में पहुंचाने का होता था। अपहरण की फिरौती गैंग का मुखिया निर्भय गुर्जर वसूलता था और अभियुक्त का हिस्सा अभियुक्त को मिल जाता था। 

दूध व्यापारी के अपहरण की फिराक में था आरोपी

अभियुक्त द्वारा वर्ष 2002 में राठोरी गांव के हरिओम उर्फ कल्ला का अपहरण किया गया था, जिसके चलते गैंग के मुखिया को पुलिस द्वारा मुठभेड़ में मार दिया गया था। इसके बाद अभियुक्त बबलू उर्फ टाइगर भूमिगत हो गया था, आज अभियुक्त एक दूध व्यापारी के अपहरण के लिए उसकी रेकी करने के लिए डौकी क्षेत्र मे आया था जिसे पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया।

ये भी पढ़ें- यूपी ATS ने 4 कट्टरपंथियों को दबोचा, आतंकी घटना के लिए फण्ड जुटा रहे थे, पाक संगठनों से थे प्रभावित

बरेली हिंसा के बाद बंद इंटरनेट और SMS सेवा की पाबंदी बढ़ी, एक दिन और रहेगी निलंबित

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।