उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है राजनीतिक दलों और उनके नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज होते जा रही है। माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ सकती है। हालांकि, दोनों दलों के नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी जारी है। अब कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा को लेकर ऐसा बयान दे दिया है कि दोनों दलों की टेंशन और बढ़ सकती है। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में हमारे (कांग्रेस) बिना कोई मुख्यमंत्री नहीं बन सकता है।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने बुधवार को सपा के साथ गठबंधन और सीट शेयरिंग के मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा- "यह सच्चाई है कि हमारे बिना उत्तर प्रदेश में कोई मुख्यमंत्री नहीं बन सकता है। अखिलेश जी की भी 37 लोकसभा सीटें तब नहीं आई जब उत्तर प्रदेश में उनकी खुद की सरकार थी। यूपी में सीट शेयरिंग पर बातचीत जल्द शुरू होगी, कोई भी समझौता सम्मानजनक होगा यह मैं बार-बार कह रहा हूं। कांग्रेस का संगठन अब हर जगह मजबूत है, हर गांव में कांग्रेस कार्यकर्ता हैं।"
क्या मायावती भी साथ आएंगी?
क्या यूपी विधानसभा चुनाव में मायावती भी कांग्रेस के साथ आएंगी? इस सवाल का जवाब देते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा- "बीजेपी से लड़ने के लिए समान विचारधारा के लोगों को साथ आना चाहिए, मैं तौ हमेशा से कह रहा हूं उन्हें साथ आना चाहिए।" इस सवाल पर कि क्या कांग्रेस को 2017 के मुकाबले ज्यादा सीटें मिलेंगी? इस पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा- "बिल्कुल मिलनी चाहिए।" उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर द्वारा सपा-कांग्रेस पर लगातार निशाना साधा जा रहा है। इस मुद्दे पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा- "मेरी उनसे कोई बात नहीं हुई, वो क्या कह रहे हैं क्यों कह रहे हैं पता नहीं।"
इमरान मसूद ने भी साधा था सपा पर निशाना
आपको बता दें कि कांग्रेस के लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने भी बीते दिनों समाजवादी पार्टी पर मुसलमानों से जुड़े मुद्दों पर खामोश रहने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा था और कहा था कि सपा को कांग्रेस से गठबंधन करना है, तो ईमानदारी से करना चाहिए। इमरान मसूद ने ने कहा था- ''सपा के लोग गठबंधन की बात करते हैं। अगर आप सचमुच भाजपा से लड़ना चाहते हैं, तो गठबंधन को अंतिम रूप दीजिए, ईमानदारी से करिये। अगर आप धरातल पर कुछ करना ही नहीं चाहते, तो इसका मतलब है कि आप ईमानदार नहीं हैं।''
ये भी पढ़ें- 'PDA यानी पीट देगा अशफाक...अखिलेश जी आपको कुर्मी समाज से इतनी चिढ़ क्यों', ओपी राजभर ने सपा प्रमुख पर साधा निशाना