उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा सरकार आने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाने के शिवपाल यादव के बयान पर बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। यूपी के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर तंज कसा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सपा पर निशाना साधा है।
ओम प्रकाश राजभर ने एक्स हैंडल पर कहा, 'मित्र अखिलेश यादव जी! ज़रा अपने चच्चू को सम्भालिए नहीं तो वो आपको कभी सत्ता में आने नहीं देंगे। चाचा शिवपाल जी कह रहे हैं कि सपा की सरकार आने के बाद अपने लोगों के मुकदमें वापस ले लेंगे। आज़म खान को गृह मंत्री बना देंगे। गज़ब है महाराज। शिवपाल जी अपने लोगों को अपराध करने के लिए बढ़ावा दे रहे हैं। सज़ायाफ्ता आज़म ख़ान को उत्तर प्रदेश का गृह मंत्री बना देने का दावा कर रहे हैं। कैसे बनेंगे ज़रा आप ही बताइए। एक अपराधी चुनाव कैसे लड़ेगा? मंत्री कैसे बनेगा? अखिलेश जी, विभीषण की कहानी पढ़ लीजिए। विभीषण बहुत सीख देने वाला पात्र है। ये भी हो सकता है कि मेरे दफ़्तर में गुंडा भी चाचा ने भिजवाया हो ताकि नाम आपका आ जाये। वो भी जांच में सामने आ ही जाएगा। ख़ैर, उम्मीद है कलयुग के रावण की लंका में आग भी लगेगी और ज़रिया विभीषण ही बनेगा'।
सीएम योगी ने भी शिवपाल के बयान पर साधा निशाना
सीएम योगी ने शिवपाल यादव के बयान का जिक्र करते हुए सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि याद करिये, मोहम्मदाबाद के नवाब की पूरी प्रॉपर्टी को बचाने के लिए कांग्रेसियों ने एड़ी चोटी लगा ली कि किसी प्रकार से वह प्रॉपर्टी बचे, जबकि मुस्लिम लीग का ट्रेज़रार वह व्यक्ति था। देश की आजादी के खिलाफ और भारत के विभाजन के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने वाले व्यक्ति को समाजवादी पार्टी आज पैरोकार बनती है कि हम आएंगे तो उसको गृह मंत्री बनाएंगे। ये तो जानते हैं कि उसको नहीं आना है, लेकिन इनका शर्मनाक, इनकी सोच को देखिये,ये फिर दंगा करवाना चाहते हैं।
बेटी के लिए इनका किस प्रकार का व्यवहार रहता है। कैसे मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के दंगाइयों को लाकर के तत्कालीन सीएम के आवास में लाकर के उन्हें सम्मानित किया जाता है और ऐसे व्यक्ति के समर्थन में ये लोग इस प्रकार की दलीलें देते हैं। इससे ओपी राजभर ने सपा में टूट का दावा किया था। उनके दावे पर जमकर बयानबाजी हुई थी।
शिवपाल यादव ने क्या कहा था
बता दें कि समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को पार्टी नेता आजम खान और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम खान से रामपुर जेल में मुलाकात की थी। जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम खान के साथ जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा।
ये भी पढ़ेंः देश के बंटवारे पर सीएम योगी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- ''हमें आपस में बंटने की गलती नहीं करनी''