उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक आ रहे हैं। ऐसे में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एक दूसरे पर निशाना साधने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद और यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। दरअसल, दिनेश शर्मा कानपुर में तुलसी जयंती के अवसर पर आयोजित मानस संगम के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा कि सपा इस समय भ्रम की स्थिति में है और इसी वजह से PDA के ‘पी’ का मतलब अलग-अलग तरीके से बताया जा रहा है। कभी इसे पीड़ित और पिछड़ा कहा गया, तो अब पंडित बताया जा रहा है।
पंडितों को सभाओं से भगाती थी सपा- दिनेश शर्मा
दिनेश शर्मा ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि जिन पंडितों को पहले पार्टी की सभाओं और प्रेस कॉन्फ्रेंस से दूर कर दिया जाता था, अब उन्हीं के प्रति श्रद्धा जताने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा केवल नाम लेने से साबित नहीं होती, बल्कि उसे क्रिया और कर्म के जरिए दिखाना पड़ता है। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ब्राह्मणों को रिझाने में लगी हुई है। सपा ने हाल ही में ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन भी किया था।
अभी इटावा में मंदिर भी बनेगा- दिनेश शर्मा
समाजवादी पार्टी की ओर से इटावा में केदारेश्वर मंदिर बनवाने की बात को लेकर पूछे गए सवाल पर भी दिनेश शर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अभी तो इटावा का मंदिर भी बनेगा और पूरा परिवार रामलला के दर्शन के लिए जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में लोग रामलला के चरणों में जाएंगे।
दिनेश शर्मा ने केजरीवाल का भी लिया नाम
दिनेश शर्मा ने अपने बयान में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले कहते थे कि वे पूजा नहीं करते और भगवान को नहीं मानते, वही लोग अब धार्मिक आयोजनों में नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भी हनुमान चालीसा गाकर आए हैं। इस बयान के जरिए उन्होंने विपक्षी दलों की धार्मिक राजनीति को लेकर उनके रुख पर सवाल उठाया।
सनातनी घूंसा बनाने की अपील
कार्यक्रम के दौरान दिनेश शर्मा ने सनातनी एकजुटता की बात भी कही। उन्होंने कहा कि समाज के अलग-अलग कमजोर और वंचित वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने अगड़ा, पिछड़ा, शोषित और दलित वर्गों को एक साथ जोड़कर ‘सनातनी घूंसा’ बनाने की बात कही। इसके बाद उन्होंने मंच से मौजूद लोगों के साथ ‘सियावर रामचंद्र की जय’ और ‘पवनसुत हनुमान की जय’ के नारे भी लगवाए।
भाजपा कार्यकर्ताओं के रुख का किया जिक्र
दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सकारात्मक रवैये के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक भाजपा कार्यकर्ताओं के इस रुख के कारण विपक्ष के पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं बच रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भ्रमित नजर आ रही है।
Gen-Z और Gen-Alpha पर भी बोले दिनेश शर्मा
कार्यक्रम के दौरान जब उनसे Gen-Z और Gen-Alpha के पीछे किसी संगठन या ताकत के होने को लेकर सवाल पूछा गया तो दिनेश शर्मा ने कहा कि इसके पीछे कौन है, यह उन्हें पता नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीछे राष्ट्रवादी लोग हैं। उनका यह बयान भी कार्यक्रम के दौरान चर्चा में रहा।
भजन और संगीत से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
मानस संगम की ओर से आयोजित तुलसी जयंती कार्यक्रम की शुरुआत भजन और संगीत की प्रस्तुतियों के साथ हुई। इसके बाद कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया गया। दिनेश शर्मा और मंत्री दयाशंकर मिश्रा को गोस्वामी तुलसीदास का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तुलसीदास के साहित्य और रामचरितमानस के महत्व पर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में रहे मौजूद
तुलसी जयंती के इस आयोजन में कई भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा और मंत्री दयाशंकर मिश्रा के अलावा कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार और एमएलसी अरुण पाठक भी कार्यक्रम में पहुंचे। उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और युवा मोर्चा उत्तर जिलाध्यक्ष शिवांग मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम में कानपुर सांसद रमेश अवस्थी का भी विशेष सम्मान किया गया। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- 'हमारे बिना यूपी में कोई मुख्यमंत्री नहीं बन सकता', चुनाव से पहले कांग्रेस ने सपा को दिखाए तेवर, अखिलेश पर भी निशाना