1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घर में सोता रहा परिवार, कमरे तक घुस गया चोर, लाखों रुपए और मोबाइल लेकर फरार, देखें कानपुर से चोरी का Video

घर में सोता रहा परिवार, कमरे तक घुस गया चोर, लाखों रुपए और मोबाइल लेकर फरार, देखें कानपुर से चोरी का Video

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 09, 2026 07:43 pm IST,  Updated : Jun 09, 2026 07:49 pm IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर में भाजपा नेत्री के घर से एक चोर लाखों रुपए कैश और मोबाइल फोन लेकर गायब हो गया। चोरी के दौरान पूरा परिवार घर में सोता रहा। परिवार चोरी की ये पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है।

UP Kanpur thief home bjp leader- India TV Hindi
कानपुर में चोरी की चौंकाने वाली घटना। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले चोरी का चौंका देने वाला मामला सामने आया है। कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कैलाश विहार आवास विकास-एक में भाजपा नेत्री ऋचा शुक्ला के घर चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। देर रात एक शातिर चोर घर में घुसा और लाखों रुपये की नकदी व मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

क्या-क्या चोरी हुआ?

परिजनों के अनुसार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। रविवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो घर से एक आईफोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और अलमारी में रखे करीब दो लाख रुपये गायब मिले। चोरी का पता चलते ही परिवार के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर

सूचना मिलने पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक युवक गेट फांदकर घर के अंदर प्रवेश करता दिखाई दिया। फुटेज में वह घर के भीतर घूमता नजर आता है और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बाहर निकल जाता है। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

परिवार ने पुलिस पर लगाया आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही। उनका कहना है कि कई घंटे बीत जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जबकि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। परिवार ने जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। भाजपा नेत्री ऋचा शुक्ला ने कहा कि घर में घुसकर चोरी की इस घटना ने पूरे परिवार को असुरक्षित महसूस कराया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने क्या कहा?

वहीं, इस पूरी घटना पर डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- मां के ब्रह्मभोज पर ही संपत्ति को लेकर भिड़ गए 2 भाई, बड़े ने छोटे को मार दी गोली, हो गई मौत

धर्म परिवर्तन, ब्लैकमेलिंग और युवती को जबरन भगा के ले गया सीरिया, यूपी के लखनऊ में सनसनीखेज वारदात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।