उत्तर प्रदेश सरकार ने लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए बड़ा फैसला किया है। उत्तर प्रदेश में अब स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अब राज्य में स्कूलों की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगी। वहीं, शिक्षकों को 1:30 बजे तक विद्यालय में रहना होगा। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य बच्चों को लू और तेज धूप से बचाकर सुरक्षित पढ़ाई सुनिश्चित करना है।
निर्देश में क्या कहा गया?
उत्तर प्रदेश के शिक्षा निदेशक (बेसिक) प्रताप सिंह बघेल की ओर से राज्य के समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को जारी किए गए निर्देश में कहा गया है कि "कृपया राहत आयुक्त/अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण, लखनऊ के पत्रसंख्या-1536/कृषि/ हीट वेव/2025-26, दिनांक 27-02-2026 का सन्दर्भ ग्रहण करने का कष्ट करें, जो विद्यालयों में लू-प्रकोप (हीट वेव) से राहत के सम्बन्ध में है।"
निर्देश में आगे कहा गया है- "प्रदेश में गर्मी एवं हीटवेब के दृष्टिगत आपको निर्देशित किया जाता है कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय विद्यालय प्रातः 07.30 बजे से अपरान्ह 01.30 बजे तक संचालित किये जायेंगे। विद्यालय पठन पाठन हेतु छात्र-छात्राएं प्रातः 07.30 बजे से अपरान्ह 12.30 बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा विद्यालय में प्रार्थना सभा/ योगाभ्यास प्रातः 07.30 बजे से 07.40 बजे तक तथा मध्यावकाश प्रातः 10.00 बजे से 10.15 बजे तक रहेगा।"

शिक्षा निदेशक (बेसिक) की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है- "शिक्षक/शिक्षामित्र/अनुदेशक/शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में प्रातः 07.30 बजे से अपरान्ह 01.30 बजे तक उपस्थित रहकर शैक्षिणिक, प्रशासकीय एवं अन्य कार्यों को पूर्ण करेंगे। मान्यता प्राप्त विद्यालयों हेतु विद्यालय प्रबन्ध समिति यथावश्यक निर्णय लेने के लिए अधिकृत होगी। कृपया उक्त आदेश का अनुपालन करना सुनिश्चित करें।"
ये भी पढ़ें- यूपी में अब 24 IAS अफसरों का ट्रांसफर, इन 10 जिलों के डीएम बदले गए, देखें पूरी लिस्ट