1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Video: सीतापुर में चला बाबा का बुलडोजर, अवैध मजार, दुकान, मकान सब जमींदोज

Video: सीतापुर में चला बाबा का बुलडोजर, अवैध मजार, दुकान, मकान सब जमींदोज

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Sep 01, 2025 05:00 pm IST,  Updated : Sep 01, 2025 05:00 pm IST

प्रशासन ने पहले ही मकान मालिकों को नोटिस देकर भवन खाली करने का आदेश दिया था, लेकिन पक्के मकान होने के कारण लोग घर छोड़ने को तैयार नहीं हुए। ऐसे में जबरन बुलडोजर चलाकर जमीन खाली करानी पड़ी।

Bulldozer- India TV Hindi
अवैध मजार पर चला बुलडोजर Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कराया। महमूदाबाद तहसील के मियांपुरवा चौराहे पर प्रस्तावित कल्याण चौक के निर्माण के लिए सोमवार दोपहर 12 बजे से कार्रवाई शुरू हुई। प्रशासन ने मोहम्मद यासीन, आरिफ, छोटेलाल और नसीम इस्लाम के अवैध मकानों के साथ एक मजार को भी बुलडोजर से ढहा दिया। सभी मकान सड़क पर और बंजर भूमि पर बने थे।

बताया जाता है कि प्रशासन ने पहले ही मकान मालिकों को नोटिस देकर भवन खाली करने का आदेश दिया था, लेकिन मकान मालिकों ने आदेश की अनदेखी की। पक्के मकान होने के कारण लोग घर छोड़ने को तैयार नहीं हुए। कल्याण चौक के निर्माण में अधिक स्थान की आवश्यकता होने पर प्रशासन ने विस्तार योजना के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटाकर जमीदोंज कर दिया है।

अवैध मजार भी जमींदोज

कार्रवाई के दौरान कई थानों की पुलिस और पीएसी बल मौके पर मौजूद रहा। बिसवां तहसीलदार अनिल कुमार और महमूदाबाद के लेखपाल भी टीम के साथ उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने कड़ी निगरानी में बुलडोजर चलवाया। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद यासीन, आरिफ, छोटेलाल और नसीम इस्लाम के मकानों के साथ बीच में स्थित एक मजार के ऊपर बने दो मंजिला मकान को भी गिरा दिया गया। इससे क्षेत्रीय लोगों में चर्चा का विषय बना रहा। वहीं जिनके मकान टूटे, वे अपनी व्यथा बताते रहे और प्रशासन की कार्रवाई को कठोर विरोध करते हुए नजर आए है।

चौक निर्माण के लिए हटाया अतिक्रमण

घटना की सूचना पर आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मियांपुरवा चौराहे पर पहुंच गए और पूरी कार्रवाई को देखते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कल्याण चौक का निर्माण प्रस्तावित है और इसके लिए अधिक भूमि की आवश्यकता है। इसी कारण अतिक्रमण हटाना जरूरी था। अब मियांपुरवा चौराहा कल्याण चौक के नाम से जाना जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक चौक बनने के बाद यह क्षेत्र लोगों के लिए सुविधा और आकर्षण का केंद्र बनेगा। वर्तमान में अतिक्रमण हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया गया है।

(सीतापुर से मोहित मिश्र की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।