1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'ये किया तो मानी जाएगी अनुशासनहीनता', यूपी BJP अध्यक्ष ने पार्टी के नेताओं को क्यों किया आगाह

'ये किया तो मानी जाएगी अनुशासनहीनता', यूपी BJP अध्यक्ष ने पार्टी के नेताओं को क्यों किया आगाह

 Reported By: Vishal Singh, Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Dec 25, 2025 11:34 pm IST,  Updated : Dec 25, 2025 11:34 pm IST

यूपी BJP चीफ पंकज चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों को जाति आधारित सियासत से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमारी की पहचान विकासवादी राजनीति, राष्ट्रवाद और सर्वस्पर्शी राजनीति से है।

Pankaj Chaudhary warning- India TV Hindi
यूपी BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी के जनप्रतिनिधियों को सतर्क रहने के लिए कहा। Image Source : PTI

लखनऊ: यूपी BJP के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भाजपा जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट रूप से आगाह किया है कि वे किसी तरह की नकारात्मक राजनीति का शिकार न बनें। मीडिया में कथित रूप से प्रसारित भाजपा जनप्रतिनिधियों के संबंध में एक समाचार को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि इस तरह का कोई भी कृत्य भाजपा के संविधान एवं आदर्शो के अनुरूप नहीं माना जाना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल है। भाजपा और उसके कार्यकर्ता परिवार या वर्ग विशेष को लेकर राजनीति करने में विश्वास नहीं करते हैं।

पंकज चौधरी ने क्यों किया सतर्क?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि मीडिया में प्रसारित एक कथित समाचार के अनुसार पिछले दिनों विधानसभा सत्र के दौरान कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा विशेष भोज का आयोजन किया गया था जिसमें अपने समाज को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि हमने जनप्रतिनिधियों के साथ सतर्कता के साथ बातचीत की है। उनसे इस संबध में वार्ता हुई है सभी को स्पष्ट कहा गया है कि ऐसी कोई भी गतिविधि भाजपा की संवैधानिक परंपराओं के अनुकूल नहीं है। जनप्रतिनिधियों से भविष्य में ऐसी गतिविधियों के लिए सतर्कता बरतने को कहा है।

समाज में ना जाने पाए गलत संदेश

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि पार्टी ने ऐसे सभी जनप्रतिनिधियों से कहा है कि इस तरह गतिविधियों से समाज में गलत संदेश प्रचारित होता है। भविष्य में अगर भाजपा के किसी जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की गतिविधियों को दोहराया गया, तब ऐसी स्थिति में पार्टी के संविधान के अनुरूप अनुशासनहीनता माना जाएगा।

विकासवादी आंकाक्षाओं के अनुरूप करें काम

पंकज चौधरी ने कहा है कि भाजपा विविधितापूर्ण लोकतंत्र में अपनी सर्वव्यापी पहचान आधारित राजनीति को आगे बढ़ा रही है। परिवार की राजनीति के पारंपरिक दिग्गजों के लिए जरूरी है कि वे बदलते राजनैतिक परिदृश्य में अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने और विकासवादी आंकाक्षाओं के अनुरूप खुद को नए सिरे से परिभाषित करें और अपनी विचारधाराओं को पुनर्संरचित करें।

जाति आधारित राजनीति का हो रहा अंत

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा व्यापक रूप से प्रतिरूपित विकासवादी राजनीति और राष्ट्रवाद के सामने प्रदेश के अंदर विपक्ष की जाति आधारित राजनीति का अंत हो रहा है। प्रदेश में भाजपा सामाजिक न्याय, सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी राजनीति को स्थापित कर चुकी है। विकास आदर्शो पर आधारित इस मॉडल ने उत्तर प्रदेश में जाति की राजनीति करने वाले उत्तराधिकारियों को पराजित कर दिया है।

पंकज चौधरी ने आगे कहा कि प्रदेश में लगातार बदल रहे राजनीतिक परिदृश्य में जाति पहचान के आधार पर राजनीति करने वाले सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों का भविष्य अंधकारमय है। इसके कारण ऐसे दल भाजपा के खिलाफ अंधेरे में तीर छोड़ रहे हैं। हमारे जनप्रतिनिधि भाजपा की मर्यादा व अनुशासन में कार्य करते है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों का ऐसे नकारात्मक नैरेटिव से बचना चाहिए। भाजपा ने अपने सशक्त नेतृत्व के साथ राजनैतिक सहमति को व्यापक रूप दिया है।

ये भी पढ़ें- 

भारत के साथ तनाव बढ़ाने पर आवामी लीग ने यूनुस सरकार पर बोला हमला, कहा-जानबूझकर फैलाई जा रही नफरत

भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पॉलिसी में किया बड़ा बदलाव, जानें क्या कहता है नया आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।