1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महिला ने मांगी गाय, सीएम योगी ने तुरंत पूरी की इच्छा, दिव्यांग की जमीन से अवैध कब्जा भी हटवाया

महिला ने मांगी गाय, सीएम योगी ने तुरंत पूरी की इच्छा, दिव्यांग की जमीन से अवैध कब्जा भी हटवाया

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 24, 2026 01:36 pm IST,  Updated : Aug 24, 2026 01:36 pm IST

सीएम योगी ने महिला को गाय देने के साथ ही अपर मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि उन्हें नियम के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए, ताकि वह आसानी से अपना भरण-पोषण कर सकें।

CM Yogi- India TV Hindi
जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी Image Source : X/@MYOGIOFFICE

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन के दौरान एक महिला को गाय दिलाई और एक दिव्यांग व्यक्ति की जमीन से अवैध कब्जा भी हटवाया। सीएम योगी के जनता दर्शन में सीतापुर के हरगांव स्थित गुरुदेव नगर की रहने वाली पूनम देवी सोमवार को 'जनता दर्शन' में मुख्यमंत्री से मिलीं और गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताते हुए और गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। 

मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर तत्काल अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने और नियमानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। एक सरकारी बयान के मुताबिक, पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पास अभी पांच गाय हैं और अन्य गोवंश को रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है। सीएम योगी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जनता दर्शन की कई तस्वीरें शेयर की गईं। इसके साथ ही लिखा गया, "लोक-कल्याण की संकल्पना को साकार करते हुए सुशासन के पथ पर अविराम गतिशील मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित 'जनता दर्शन' में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन-समस्याओं के त्वरित, प्रभावी तथा गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु निर्देशित किया।"

गाय की देखरेख के लिए आर्थिक मदद भी देगी सरकार

महिला ने कहा कि अतिरिक्त गाय मिलने से वह दूध आदि की बिक्री कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिया कि पूनम को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने के साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता भी दिलाई जाए। मुख्यमंत्री ने पूनम की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि सरकार उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाएगी। उन्होंने गोसेवा के प्रति उनकी इच्छा की सराहना भी की। 

दिव्यांग व्यक्ति की जमीन मुक्त कराई

'जनता दर्शन' के दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई और पीड़ित को यथासंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

'भारत की परंपरा, विरासत और मूल्यों को कोसना उचित नहीं', रायबरेली में राहुल गांधी पर बरसे सीएम योगी

यूपी में 3 दिन तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगी महिलाएं, रक्षाबंधन पर सीएम योगी का तोहफा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।