गोरखपुर: जिले के एम्स पुलिस स्टेशन इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी सास का गला काट दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला किसी युवक से फोन पर बात कर रही थी। उसकी सास ने जब बातचीत करने पर उसे टोका, तो महिला ने चाकू से सास पर हमला कर दिया। इससे सास के गले में गहरी चोट लग गई। आनन-फानन में सास को एम्स गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
फोन पर बात करने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस ने बताया कि गोरखपुर के एम्स पुलिस स्टेशन इलाके में 25 साल की महिला ने अपनी सास का गला काट दिया। जानकारी के मुताबिक मलमालिया जगदीशपुर गांव में सोमवार की रात महिला एक युवक से फोन पर बातचीत कर रही थी, जिसपर सास ने उसे टोका और फिर दोनों में बहस हो गई। बहस के बाद महिला ने अपनी सास आशा देवी (55) पर चाकू से हमला कर दिया और उनका गला काट दिया। पुलिस के मुताबिक, सास को गंभीर चोटें आईं हैं। आनन-फानन में उन्हें एम्स गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बाहर मजदूरी करता है पति
पुलिस के अनुसार, गांव के रहने वाले जयहिंद जिले के बाहर मजदूरी का काम करते हैं। सोमवार रात उनकी पत्नी वंदना मोबाइल फोन पर एक युवक से बात कर रही थी, तभी उनकी सास आशा देवी ने इस पर आपत्ति जताई और उन्हें बातचीत बंद करने को कहा। इस आपत्ति के बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई। बहस के दौरान, वंदना ने घर में रखा चाकू उठाया और आशा देवी पर हमला कर दिया, जिससे उनके गले में गहरा घाव हो गया। परिवार के सदस्य घायल आशा देवी को एम्स गोरखपुर में भर्ती कराया। बहुत ज़्यादा खून बहने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
वहीं घटना की सूचना मिलने पर एम्स पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया गया है। एम्स पुलिस स्टेशन के SHO संतोष अवस्थी ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। CO कैंट आभा देवी ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि विवाद मोबाइल फोन पर बातचीत को लेकर असहमति के कारण हुआ था। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
शराबी पति को पत्नी ने खंभे से बांधा, मुंह को टेप लगाकर चिपकाया; VIDEO आया सामने