सोशल मीडिया पर वायरल वीडियोज का दौर चलता रहता है, जहां लोग अजीबोगरीब घटनाओं को रिकॉर्ड कर लाखों व्यूज बटोरने की होड़ में रहते हैं। इनमें जंगली जानवरों की असामान्य हरकतें भी शामिल होती हैं। लेकिन क्या हम कभी यह सोचते हैं कि ये बेजुबान जानवर आखिर ऐसा व्यवहार क्यों कर रहे हैं? क्या उनके दर्द, तनाव या परेशानी को समझने की कोशिश की जाती है? हाल ही में एक वायरल वीडियो में एक गुस्साए हाथी को मिनी ट्रक पलटते देखा गया। इस वीडियो के साथ भारतीय वन सेवा के रिटायर्ड अधिकारी सुशांत नंदा ने जो संदेश शेयर किया, वह न केवल दिल को छू गया, बल्कि एक गंभीर मुद्दे की ओर ध्यान भी खींचता है।
हाथी ने पलट डाला मिनी ट्रक
इस छोटी सी वीडियो क्लिप में एक सड़क के किनारे गुस्से में भरा हुआ हाथी एक मिनी ट्रक को पलट रहा है। दूर खड़े लोग इसे देख रहे हैं और कुछ इसे अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। सुशांत नंदा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “जंगल की ओर से चेतावनी! यह हाथी मिनी ट्रक को पलटकर न केवल अपनी ताकत दिखा रहा है, बल्कि बता रहा है कि वह कितने तनाव में है। वन्यजीव कोई मनोरंजन का साधन नहीं है। उन्हें जगह और सम्मान चाहिए। दूर रहें, सुरक्षित रहें, और उन्हें जंगल में खुला छोड़ दें।”
जंगली जानवरों के आवास पर इंसानों का बढ़ता अतिक्रमण
नंदा ने इस वीडियो के जरिए एक गंभीर मुद्दे की ओर इशारा किया है और वह है, जंगल और वन्यजीवों के आवास पर इंसानों का बढ़ता अतिक्रमण। हमारी मौजूदगी, चाहे वह कुछ पल की ही क्यों न हो, जानवरों को असहज कर देती है। बार-बार ऐसा होने पर उनका व्यवहार बदलने लगता है, और यह न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे इको सिस्टम के लिए खतरा बन जाता है। जंगल में हर प्राणी एक-दूसरे पर निर्भर होता है और हमारी लापरवाही इस संतुलन को बिगाड़ रही है।
वीडियो पर लोगों के कमेंट्स
नंदा के इस वीडियो को एक्स प्लेटफॉर्म पर कुछ ही घंटों में साढ़े 13 हजार से ज्यादा व्यूज और 477 लाइक्स मिल चुके हैं। लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “हम इंसान जानवरों की सीमाओं का सम्मान करना ही नहीं जानते।” एक अन्य यूजर ने सुझाव दिया कि सुप्रीम कोर्ट को कुत्तों की तरह हाथियों और अन्य जानवरों के लिए शेल्टर बनाने का आदेश देना चाहिए। वहीं, एक यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे एक ड्राइवर ने हाथियों को देखकर अपनी गाड़ी रोक दी और उनके जाने का इंतजार किया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
एक बाइक पर सवार चार लड़के, हाथ में कट्टा लिए बनाई रील, बिजनौर का यह Video हुआ वायरल