1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. बा​रिश में फंसी स्कूटी सवार म​हिला को बाइकर ने बचाया, 3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा वायरल Video

बा​रिश में फंसी स्कूटी सवार म​हिला को बाइकर ने बचाया, 3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा वायरल Video

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Jul 18, 2026 05:08 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 05:08 pm IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो यूजर्स का दिल जीत रहा है। इसमें एक शख्स बारिश में फंसी स्कूटी सवार महिला की मदद करते दिख रहा है।

Biker Helped Woman, Viral Video, Man Helped woman who stuck in rain - India TV Hindi
शख्स ने की महिला की मदद। Image Source : IG/@BHARGAVA.SAURABH55

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में मूसलाधार बारिश के बीच एक दिल छू लेने वाली घटना ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। जहां आमतौर पर लोग अपनी व्यस्तता में दूसरों की मुश्किलों को नजरअंदाज कर देते हैं, वहां एक बाइक सवार युवक ने इंसानियत की मिसाल पेश की। पानी से भरी सड़क पर फंसी एक महिला की स्कूटी को देखते ही उसने अपनी बाइक रोकी और बिना किसी हिचकिचाहट के मदद के लिए आगे बढ़ा। इस वीडियो ने लाखों यूजर्स के दिल जीत लिए हैं और सोशल मीडिया पर तारीफों का सिलसिला जारी है।

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @bhargava.saurabh55 नामक हैंडल से शेयर किया गया है। दरअसल, लगातार बारिश के कारण सड़क पर काफी जलभराव हो गया था। एक महिला स्कूटी पर घर जा रही थीं कि अचानक उनकी स्कूटी पानी में फंस गई। बदतर यह कि उनका पैर किसी चीज में उलझ गया, जिससे वे हिल भी नहीं पा रही थीं। चारों तरफ पानी का बहाव और गहराई बढ़ती जा रही थी। ठीक उसी समय वहां से गुजर रहे एक युवक (बाइक सवार) की नजर इस दृश्य पर पड़ी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक ने तुरंत अपनी बाइक साइड में खड़ी की और महिला के पास पहुंचा। महिला ने घबराते हुए कहा, 'भैया, मेरा पैर फंस गया है।' यह सुनते ही युवक ने पहले महिला के पैर को फंसी चीज से आजाद कराया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसने महिला को स्कूटी से उतरने को कहा और खुद स्कूटी को पानी से बाहर, कम जलभराव वाली जगह तक धकेलकर ले गया। युवक ने सिर्फ मदद ही नहीं की, बल्कि महिला से बार-बार पूछा कि कहीं उन्हें चोट तो नहीं लगी। महिला ने राहत की सांस ली और युवक का आभार जताया। युवक वहां से जाने से पहले एक बार फिर महिला की तबीयत पूछकर ही आगे बढ़ा। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया कि, 'कृपया जितना हो सके दूसरों की मदद करें।' 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

इस वायरल  वीडियो को 33.1 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका था और हजारों लोगों ने कमेंट करके शख्स की सेवा और उस महिला की मदद करने के लिए उनकी प्रशंसा की थी। एक यूजर ने कहा, 'आप जैसे लोग दुनिया को बेहतर बनाते हैं।' 

दूसरे ने कहा, 'हमें यह विश्वास दिलाने के लिए धन्यवाद कि यह दुनिया अच्छी है और दयालुता अभी भी जीवित है।'

तीसरे ने लिखा कि, 'बहुत बढ़िया, भाई। हमेशा ऐसे ही रहो और जरूरतमंदों की मदद करो। मैं भी यही करता हूँ, तुम भी यही करते हो, सबको यही करना चाहिए और सच्चे इंसान बनना चाहिए।'

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। 

ये भी पढ़ें - 

'भारतीय हमेशा मदद को तैयार रहते हैं..' भारत में फंसी अमेरिकी महिला की अजनबी ने की मदद, शेयर किया Video

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।