एक अमेरिकी महिला ने भारत में एक अजनबी के साथ अपने दिल छू लेने वाले अनुभव को शेयर किया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी प्रतिक्रियाएं दी हैं। वीडियो को 'दिल्ली में अकेली फंसी हुई थी। भारतीय लोगों की दयालुता ने बचाया' नामक टाइटल से शेयर किया गया है। वीडियो में, सिएरा लिलियन नाम की यूजर ने बताया कि उन्होंने ऋषिकेश वापस जाने के लिए स्लीपर बस बुक की थी, लेकिन वह दो बार खराब हो गई, जिसके कारण उन्हें यात्रा जारी रखने के लिए टैक्सी बुलानी पड़ी।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर sierraliliann नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में अमेरिकी महिला ने बताया कि, 'उबर कैब का इंतजार करते समय मेरे फोन की बैटरी खत्म हो गई। अकेली रह जाने और अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए आगे क्या करना है ये सोचाकर मैं बहुत घबरा गई थी, और मुझे लगता है कि मैं बस जमीन पर बैठ गई और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं। और अचानक, एक आदमी मेरे पास आया और मुझसे पूछा कि क्या मैं ऑफिस में आकर बैठना चाहती हूं। तो वह मुझे ऑफिस में ले आया। हां, फिर वह मेरे लिए चाय लाया। उसने मुझे अपना फोन चार्ज करने दिया, और जब फोन चालू हो गया, तो उसने उबर ड्राइवर से बात करके यहां आने का तरीका बताने में मेरी मदद की।'
भारतीय की दयालुता देख खुश हुई विदेशी महिला
कैब का इंतज़ार करते समय उस आदमी ने लिलियन से पूछा कि क्या वह उसकी गायें देखना चाहती है, जिस पर वह सहमत हो गई। फिर वह उसे पेट्रोल पंप के पास एक शेड में ले गया, जहाँ दो घंटे पहले ही एक बछड़े का जन्म हुआ था। महिला ने बताया कि, 'फिर उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं उनका मंदिर देखना चाहती हूं? और मैंने कहा- बिल्कुल! मैं आपका मंदिर देखना चाहती हूं। और हां, वह हनुमानजी का मंदिर था। फिर उन्होंने मुझे अपनी पौधशाला दिखाई, लेकिन उस समय मेरा दिल प्रेम और कृतज्ञता से भर उठा था।' ऑफिस लौटने के बाद उस आदमी ने घर में बनी छाछ की एक बोतल उसे दी और टैक्सी के आने पर उसे अलविदा कहा।
'भारतीय हमेशा मदद को तैयार रहते हैं'
महिला ने कहा कि, 'जब लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या मुझे भारत जाने से डर लगता है, तो मुझे हंसी आ जाती है। क्योंकि मैंने अपने पूरे जीवन में कभी भी इतनी दयालुता और उदारता का अनुभव नहीं किया जितना मैंने भारतीयों से किया है। वे हमेशा आपकी मदद करने के लिए तत्पर रहते हैं, और बाद में वे आपको अपने घर में इस तरह आमंत्रित करते हैं जैसे आप उनके परिवार का हिस्सा हों। यह अनुभव एक और कारण है जिससे मुझे लगता है कि भारत रहने के लिए सबसे अच्छी जगह है। यह दुनिया की सबसे अच्छी जगह है। राम राम।'
यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
वीडियो को 1.73 लाख से अधिक बार देखा जा चुका था और सैकड़ों प्रतिक्रियाएं मिली थीं, क्योंकि सोशल मीडिया यूजर्स ने इस बात पर प्रकाश डाला था कि अधिकांश भारतीय दयालु और मददगार हैं। एक यूजर ने लिखा कि, 'यह मेरे भारत के अनुभवों से बहुत मिलता-जुलता है। यहां के लोग हमेशा मददगार, दयालु और मिलनसार होते हैं।'
दूसरे ने लिखा कि, 'यह देखकर बहुत अच्छा लगा। देखिए, ज्यादातर मामलों में भारत ऐसा ही है।'
तीसरे ने लिखा कि, 'भारत के बारे में आपकी सभी भावनाओं से मैं पूरी तरह सहमत हूं। मेरे लिए भारत मेरा दूसरा घर है, और मुझे एक महीने बाद ही वहां से जाना पड़ा। अब मैं ऑस्ट्रेलिया वापस आ गया हूं, और मुझे अपने प्यारे भारत की बहुत याद आ रही है, भले ही गर्मी बहुत भयानक थी।'
एक चौथे व्यक्ति ने कहा, 'दुनिया भर में भारतीयों के प्रति इतनी नफरत फैली हुई है और तभी आपका वीडियो सामने आता है। यही मुझे याद दिलाता है कि हम किस चीज की कमी महसूस कर रहे हैं, प्यार और दयालुता की।'
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
स्वादिष्ट खाना, शानदार स्वागत और बेहिसाब मस्ती... जब जयपुर की शाही शादी में पहुंचा बिन बुलाया विदेशी टूरिस्ट, VIDEO