विकासनगर: रॉयल एनफील्ड की बाइक युवाओं की पसंद में रहती है। लेकिन अगर बाइक के एयर फिल्टर में अगर कोबरा सांप बैठा हो तो क्या आप उस बाइक को चलाएंगे? विकासनगर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें एक Royal Enfield बाइक के एयर फिल्टर में कोबरा मिला है।
Related Stories
इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कोबरा को एयर फिल्टर से निकालने की कोशिश की जा रही थी लेकिन वह टस से मस नहीं हो रहा था। आखिरकार बड़ी मुश्किल से उसे एयर फिल्टर से बाहर निकाला गया और फिर रेस्क्यू किया गया।
क्या है पूरा मामला?
बॉक्स में कोबरा सांप मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाइक की जांच के दौरान जैसे ही एयर फिल्टर बॉक्स खोला गया, अंदर बैठे जहरीले कोबरा को देखकर लोगों के होश उड़ गए। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सर्प रेस्क्यूअर एवं एडवोकेट कुणाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
एडवोकेट कुणाल ने बताया कि बरसात और गर्मी के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित एवं ठंडी जगहों की तलाश में वाहनों, घरों और अन्य संकरे स्थानों में छिप जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
कितना खतरनाक होता है कोबरा?
कोबरा एक खतरनाक सांप है, जिसका जहर नर्वस सिस्टम पर हमला करता है और सांस लेने को रोक सकता है। कोबरा के काटने से इंसान की मौत हो सकती है क्योंकि इसका जहर बहुत तेज होता है। भारत में कोबरा के काटने से इंसानों की मौतों की संख्या काफी ज्यादा है।
जानकार मानते हैं कि कोबरा एग्रेसिव नहीं होता और ज्यादातर फुफकार मारता है, जिससे लोग डर जाते हैं। अगर उसे छेड़ेंगे नहीं तो वो चला जाएगा। लेकिन अगर कोबरा ने काटा है तो देर बिल्कुल ना करें और फौरन हॉस्पिटल जाएं। पुरानी इलाज पद्धति (चूना, मंत्र आदि) से बचें। (रिपोर्ट- जितेंद्र)