पंजाब के फिरोजपुर में एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। जहां एक युवा बल्लेबाज, हरजीत सिंह, ने शानदार सिक्सर लगाया, लेकिन अगले ही पल वह पिच पर गिर पड़ा और हार्ट अटैक के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने न केवल क्रिकेट प्रेमियों बल्कि आम लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।
पंजाब में क्रिकेट मैदान पर दुखद हादसा
घटना फिरोजपुर के गुरुहर सहाय क्षेत्र में डीएवी स्कूल के मैदान पर हुई। हरजीत सिंह, जो पेशे से बढ़ई थे, अपने दोस्तों के साथ एक स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लिए थे। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हरजीत ने गेंद पर जोरदार सिक्सर मारा। शॉट इतना शानदार था कि मैदान में मौजूद दर्शकों और साथी खिलाड़ियों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। लेकिन इसके ठीक बाद, हरजीत क्रीज पर चलते हुए अचानक घुटनों के बल बैठ गए और फिर जमीन पर लेट गए। साथी खिलाड़ी तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हरजीत को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वीडियो पर लोगों ने जताई चिंता
इस दुखद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। X पर कई यूजर्स ने इस हादसे पर शोक जताया और साथ ही युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों पर चिंता व्यक्त की। एक यूजर ने लिखा, "ऐसे मामले दिल दहला देने वाले हैं। अचानक हार्ट अटैक के मामले क्यों बढ़ रहे हैं? कोई इसकी वजह ढूंढे!" लोगों ने न केवल इस घटना पर दुख जताया, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता और नियमित मेडिकल चेकअप की जरूरत पर भी जोर दिया। कुछ यूजर्स ने लिखा कि युवाओं को अपनी सेहत का ज्यादा ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि ऐसी घटनाएं अब असामान्य नहीं रही हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
मगरमच्छों के जबड़े से जान बचाकर भागा जेब्रा, अंत दांव तक लड़ जीत ली जिंदगी की जंग
VIDEO: बंद कमरा, गाना चालू, और चचा की जवानी ऑन! 'टिप-टिप बरसा पानी' पर डांस करते दिखे अंकल