1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. पापा के बर्थडे पर बेटी ने दिया नए घर का तोहफा, देखते ही फूट-फूटकर रो पड़े पिता; वायरल हुआ Video

पापा के बर्थडे पर बेटी ने दिया नए घर का तोहफा, देखते ही फूट-फूटकर रो पड़े पिता; वायरल हुआ Video

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Sep 23, 2026 02:03 pm IST,  Updated : Sep 23, 2026 02:03 pm IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पिता-पुत्री का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बेटी ने अपनी पिता को नया घर तोहफे में दिया है।

daughters gift to father, daughter gifted new home, daughter father video, father daughter emotional- India TV Hindi
बेटी के तोहफे पर इमोशनल हुए पिता। Image Source : IG/@OFFICIALHUMANSOFBOMBAY

एक भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कुआलालंपुर में एक बेटी ने अपने पिता को नया घर सरप्राइज में गिफ्ट किया। सरप्राइज जानने के बाद पिता फूट-फूटकर रो पड़े। यह पल देखकर हजारों लोग भावुक हो रहे हैं। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @officialhumansofbombay नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में बेटी महरुख मोघल की कहानी लिखी गई है। वीडियो में परिवार एक अपार्टमेंट देखने पहुंचता है। पिता सोचते हैं कि कोई परिवार का सदस्य घर खरीद रहा है। लेकिन महरुख बताती हैं कि यह घर उन्होंने फादर्स डे के गिफ्ट के रूप में उनके लिए खरीदा है। पिता कुछ पल स्तब्ध खड़े रहते हैं, फिर आंसू नहीं रोक पाते। बेटी उन्हें गले लगाकर सांत्वना देती है। परिवार के अन्य सदस्य भी इस पल को देखते हैं। 

बेटी ने बताया पिता का संघर्ष 

महरुख ने बताया कि उनके पिता कॉरपोरेट ट्रेनर हैं। करीब 30 साल तक उन्होंने परिवार का बोझ अकेले उठाया। चार बच्चों को स्कूल और यूनिवर्सिटी तक पढ़ाया। मां ने भी परिवार के लिए कई समझौते किए। परिवार सालों तक किराए के घरों में रहा। महरुख कहती हैं, “चार बच्चे, सबको स्कूल और यूनिवर्सिटी तक पहुंचाया-सब कुछ उन पर था। बार-बार उन्होंने अपनी जरूरतें और चाहतें हमारे लिए पीछे रख दीं।” बेटी ने 2023 में नौकरी शुरू की तो घर खरीदने के लिए पैसे बचाने लगीं। घर देखते समय वे मां को साथ ले जाती थीं, क्योंकि मां ने परिवार के लिए सबसे ज्यादा त्याग किया था।   

सरप्राइज के लिए करनी पड़ी प्लानिंग

वे बताती हैं कि, अंत में कुआलालंपुर स्काईलाइन वाला एक अपार्टमेंट मिला। खास बात यह कि घर का नंबर पिता के जन्मदिन से मिलता था। महारुख कहती हैं, “घर का नंबर पापा का बर्थडे था। पहले जन्मदिन पर सरप्राइज देने का प्लान था, लेकिन पेपर साइन फादर्स डे से तीन-चार दिन पहले हो गए तो उसी मौके को चुना।” पिता को बिना शक किए अपार्टमेंट तक लाना सबसे बड़ी चुनौती थी। बहन के साथ उन्होंने पिता को लंच पर ले जाकर व्यस्त रखा। पिता को लगा कि चाचा ने घर खरीदा है। जब चाबी थमाई गई और कहा गया- “यह घर आपका है”- तब वे बोल नहीं पाए। महारुख बताती हैं कि पिता दो-तीन दिन तक भावुक रहे। जब भी याद आता तो आंसू आ जाते। वे कहते रहे, “मैंने ऐसा क्या किया जो मुझे यह मिला। मैं नहीं जानता कि आप बच्चों को पाने के लायक कैसे बना।” महरुख का कहना है कि जिंदगी भर सिर्फ लेना ही हुआ। इस बार वे देना चाहती थीं। पिता की प्रतिक्रिया देखकर उन्हें लगा कि सारी मेहनत सार्थक रही। 

यूजर्स के दिल को छू गया वीडियो  

सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने लोगों के दिल छू लिए। कई यूजर्स ने लिखा, “ऐसी कृतज्ञता बहुत मायने रखती है।” कई लोगों ने आंसू रोक नहीं पाए और अपने माता-पिता को याद किया।

एक ने कहा, “दुनिया का सबसे खूबसूरत अहसास।” 

दूसरे ने लिखा, “हर माता-पिता का सपना होता है कि बच्चे इतने बड़े हो जाएं कि उनके सपने पूरे करें।” 
गौरतलब है कि, इससे पहले पिता को उनके 50वें बर्थडे पर बाइक गिफ्ट करके सरप्राइज देती बेटी का वीडियो वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

अटेंडेंट ने पिता को ब​र्थडे पर सरप्राइज देकर फ्लाइट में किया वेलकम, क्यूट वीडियो हो रहा वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।