फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मंगलवार तड़के मुंबई पहुंचे। यहां उन्होंने अपने दिन की शुरुआत कोस्टल रोड के पास मरीन ड्राइव पर 'जॉगिंग' के साथ की। मैक्रों और प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रों ने बाद में दक्षिण मुंबई के ताज महल पैलेस होटल में नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की। बता दें कि फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दक्षिण मुंबई के लोक भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की, जहां दोनों नेताओं ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
जॉगिंग के साथ की दिन की शुरुआत
दरअसल, आज सुबह ही फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मरीन ड्राइव पर 'जॉगिंग' के साथ दिन की शुरुआत की, उनके साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी थे। वहीं इमैनुएल मैक्रों की जॉगिंग के चलते मुंबई पुलिस ने भी आसपास के क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा की हुई थी। पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की चर्चा रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने और उन्हें नए और उभरते क्षेत्रों में विस्तारित करने पर केंद्रित होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे और भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।
आज सुबह मुंबई पहुंचे इमैनुएल मैक्रों
बता दें कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनएल मैक्रों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए हैं। इस क्रम में वह आज सुबह ही मुंबई पहुंचे। वह भारत में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट' में भाग लेंगे और मुंबई में पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन करेंगे। राष्ट्रपति मैक्रों की यह भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा है। इससे पहले दिन में, महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया था।
मैक्रों ने 2008 हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी
बता दें कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत के अपने मौजूदा दौरे के दौरान कहा, "मुंबई के ताज महल पैलेस में, हमने 2008 के हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उनके परिवारों और प्रियजनों के लिए, और भारत के लिए: फ्रांस आपके साथ खड़ा है। आतंकवाद के सामने, एकता और पक्के इरादे के साथ।"
यह भी पढ़ें-
PM मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों की हुई मुलाकात, बड़ी डील की होगी घोषणा