दुनिया में ऐसी कई जगहें हैं जो अपनी अनोखी खासियतों के लिए जानी जाती हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही अनोखी जगह के बारे में बताने वाले हैं जिसे शायद ही आपने पहले कभी सुना होगा। यह अनोखी जगह कुछ और नहीं बल्कि एक एयरपोर्ट है जिसके रनवे के बीचोबीच एक रेलवे लाइन गुजरती है और इस रेलवे लाइन से रेलगाड़ियां भी गुजरती हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर वो कौन सा एयरपोर्ट है जहां प्लेन और ट्रेन एक ही रनवे से गुजरते हैं।
कहां है यह एयरपोर्ट
बता दें कि ये एयरपोर्ट न्यूजीलैंड के गिस्बॉर्न शहर में स्थित है, जिसे गिस्बॉर्न हवाई अड्डा के नाम से जाना जाता है। इस हवाई अड्डे की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसके मुख्य रनवे को एक रेलवे लाइन काटती है, और कई बार हवाई जहाज को उड़ान भरने या उतरने के लिए ट्रेन के गुजरने का इंतजार करना पड़ता है। यह दुनिया का इकलौता हवाई अड्डा है जहां ट्रेन और हवाई जहाज को एक-दूसरे को रास्ता देना पड़ता है।

रनवे को लगभग बीच से दो हिस्सों में बांटती है रेलवे लाइन
एयरपोर्ट को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, हवाई अड्डा लगभग 160 हेक्टेयर में फैला हुआ है। अपनी अनोखी संरचना के लिए ये हवाई अड्डा पूरी दुनिया में फेमस है। इस एयरपोर्ट का मेन रनवे 1,310 मीटर लंबा है जो पाल्मर्स्टन नॉर्थ-गिस्बॉर्न रेलवे लाइन से कटता है। यह रेलवे लाइन रनवे को लगभग बीच में दो हिस्सों में बांटती है। सुबह 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक हवाई अड्डा और रेलवे लाइन दोनों लगातार चालू रहते हैं। इसके बाद रनवे को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया जाता है।

ऐसे होता है एयरपोर्ट और रेलवे का संचालन
ट्रेन और प्लेन के सुरक्षित संचालन के लिए हवाई अड्डे के कर्मचारियों को फ्लाइट्स और ट्रेनों के टाइम-टेबल को इस तरह से मैनेज करना पड़ता है कि दोनों में कोई टकराव न हो। जब कोई विमान उतरने या उड़ान भरने वाला होता है, तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) रेलवे सिग्नल को नियंत्रित करता है और ट्रेन को रुकने का संकेत देता है। इसी तरह, जब ट्रेन को रनवे पार करना होता है, तो उसे ATC से अनुमति लेनी पड़ती है। रनवे के दोनों ओर रेलवे सिग्नल लगाए गए हैं, जो ट्रेन को रुकने या आगे बढ़ने का निर्देश देते हैं। जब कोई विमान रनवे पर होता है, तो रेलवे सिग्नल लाल रहता है, और ट्रेन को रुकना पड़ता है। इसी तरह, जब ट्रेन रनवे पार कर रही होती है, तो विमान को इंतजार करना पड़ता है। यह व्यवस्था सुबह 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक चलती है, और इसके बाद रनवे को बंद कर दिया जाता है ताकि कोई दुर्घटना न हो।

दुनिया का इकलौता ऐसा एयरपोर्ट
हालांकि पहले ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया में विनयार्ड हवाई अड्डे पर भी ऐसा ही रनवे था, जहां रेलवे लाइन रनवे को काटती थी, लेकिन 2005 में रेल यातायात बंद होने के बाद वहां यह व्यवस्था खत्म हो गई। इस तरह, गिस्बॉर्न हवाई अड्डा अब दुनिया का एकमात्र ऐसा हवाई अड्डा है जहां यह अनोखा दृश्य देखने को मिलता है। एयरपोर्ट में एक मुख्य रनवे के अलावा तीन घास के रनवे भी हैं, जो हल्के विमानों के लिए उपयुक्त हैं। इसके अलावा, यहां एक टैराव्हिटी एविएशन म्यूजियम भी है, जहां विमानन से संबंधित ऐतिहासिक वस्तुएं और विमान प्रदर्शित किए जाते हैं।
ये भी पढ़ें:
नशे-नशे में कार पर मारी लात, जब अंदर से निकली पुलिस तो आया होश, दुम दबाकर शख्स ने पकड़ी पतली गली