मिलान: क्या आपने कभी सोचा है कि एक छोटी सी सुनहरी मछली यानी कि गोल्डफिश कार चला सकती है? नीदरलैंड्स के कंप्यूटर इंजीनियर थॉमस डे वुल्फ ने अपनी पालतू गोल्डफिश 'ब्लब' के लिए एक अनोखी कार बनाई है, और इस कार ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नया रिकॉर्ड बनाया है। थॉमस ने 4 पहियों वाली एक खास गाड़ी तैयार की, जिसमें ड्राइवर की सीट की जगह पानी से भरा टैंक लगा है। इस टैंक में ब्लब नाम की गोल्डफिस तैरते हुए कार चलाती है। गाड़ी मछली की हरकतों को कैमरे से देखकर चलती है, जब ब्लब टैंक के किसी तरफ जाती है, तो गाड़ी उसी दिशा में मुड़ जाती है, यानी ब्लब सचमुच गाड़ी चला रही थी।
Related Stories
ब्लब ने 12.28 मीटर तक चलाई थी कार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लब ने सिर्फ एक मिनट में 12.28 मीटर (40 फीट और 3.46 इंच) की दूरी तय की। यह एक मिनट में मोशन-सेंसिंग व्हीकल से गोल्डफिश द्वारा तय की गई सबसे ज्यादा दूरी का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड है। रिकॉर्ड तोड़ने के लिए कम से कम 5 मीटर की दूरी तय करनी जरूरी थी, लेकिन ब्लब ने उससे कहीं ज्यादा चलाई। थॉमस डे वुल्फ ने इटली के टीवी शो 'लो शो देई रिकॉर्ड' में कहा, 'मेरा काम आमतौर पर बहुत नीरस होता है, इसलिए मैंने कुछ ऐसा बनाया जो लोगों को मनोरंजन दे और मेरे 'गंभीर' काम को मजेदार बना दे।'

'दिव्यांगों की मदद कर सकती है तकनीक'
थॉमस ने आगे बताया कि भले ही मछली द्वारा चलाई जाने वाली कार रोजमर्रा की जिंदगी में ज्यादा उपयोगी न लगे, लेकिन इस तकनीक से दिव्यांग लोगों की बहुत मदद हो सकती है। उन्होंने कहा, 'इस तरह की मोशन-सेंसिंग तकनीक से बहुत कुछ हासिल किया जा सकता है, भले ही यह 'गंभीर' न लगे। मैं चाहता हूं कि एक दिन यह तकनीक ऐसे लोगों की मदद कर सके जिन्हें कहीं आने-जाने में दिक्कत होती है।'

गाड़ी के लिए परफेक्ट ड्राइवर थी ब्लब
रिकॉर्ड को लेकर मजाकिया अंदाज में थॉमस ने कहा, 'अब मैं ब्लब को कैसे समझाऊं कि उसने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है?' ब्लब इटली की है और गाड़ी में सिर्फ लाल रंग की मछली ही अच्छे से काम करती है, क्योंकि कैमरा उसकी हरकतें आसानी से पकड़ लेता है, इसलिए ब्लब इस रिकॉर्ड के लिए एकदम परफेक्ट ड्राइवर साबित हुई।