1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. हर्ष गोयनका ने IAS अधिकारी तुकाराम मुंडे को 'हीरो' बताया, सोशल मीडिया पर अफसर ने दिया जवाब; वायरल हो रही पोस्ट

हर्ष गोयनका ने IAS अधिकारी तुकाराम मुंडे को 'हीरो' बताया, सोशल मीडिया पर अफसर ने दिया जवाब; वायरल हो रही पोस्ट

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Oct 31, 2026 04:41 pm IST,  Updated : Oct 31, 2026 04:41 pm IST

इंडस्ट्रियलिस्ट हर्ष गोयनका ने खाने में मिलावट और असुरक्षित किचन के खिलाफ कार्रवाई के लिए IAS ऑफिसर तुकाराम मुंढे की तारीफ की। जवाब में, मुंढे ने कहा कि ईमानदारी से पब्लिक सर्विस करना आम बात होनी चाहिए।

harsh goenka on Tukaram mundhe, Tukaram mundhe, IAS Tukaram, Viral News- India TV Hindi
एक कार्यक्रम में मौजूद हर्ष गोयनका और तुकाराम मुंढे। Image Source : X/@दिनेशजोशी70
RPG ग्रुप के चेयरमैन और उद्योगपति हर्ष गोयनका ने महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) के आयुक्त आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंडे को ‘शाम का हीरो’ करार दिया है। गोयनका ने एक कार्यक्रम में मुंडे से पहली बार मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं साझा कीं। इसके जवाब में मुंडे का विनम्र और सामूहिक सेवा पर जोर देने वाला बयान अब चर्चा का विषय बन गया है।

हर्ष गोयनका ने एक्स पर की तारीफ 

बिजनेसमैन हर्ष गोयनका ने लिखा, “मैं पहली बार तुकाराम मुंढे से मिला और वे निस्संदेह उस शाम के हीरो थे। हर कोई उनसे मिलना चाहता था। क्यों? क्योंकि वे वही कर रहे हैं जिसकी उम्मीद नागरिकों को अपने सिविल सर्वंट्स से होती है। खाद्य मिलावट, असुरक्षित रसोइयों और शक्तिशाली प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।” हर्ष गोयनका ने आगे सवाल उठाया, “यह उल्लेखनीय है कि एक अधिकारी जो बस ईमानदारी और दृढ़ विश्वास के साथ अपना काम कर रहा है, वह लोगों का हीरो बन जाता है। लेकिन यह बड़े सिविल सर्विसेज पर कितना बुरा प्रभाव डालता है, जहां ऐसे उदाहरण इतने कम हैं?”   
 

IAS अधिकारी ने पोस्ट पर दिया जवाब 

तुकाराम मुंढेत्र ने गोयनका के पोस्ट का जवाब देते हुए व्यक्तिगत श्रेय लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने लिखा, “पब्लिक सर्विस कभी भी किसी व्यक्ति के बारे में नहीं होती। यह ईमानदारी, साहस और दृढ़ विश्वास के साथ नागरिकों की सेवा करने की सामूहिक प्रतिबद्धता के बारे में है। देश भर में अनगिनत सिविल सर्वंट्स हैं जो अनुकरणीय काम कर रहे हैं, शायद मुझसे भी बेहतर, लेकिन उनके प्रयासों को वह मान्यता शायद ही मिलती है जिसके वे हकदार हैं।” मुंढे ने आगे कहा, “मैं इस साझा उद्देश्य की दिशा में काम कर रही बहुत बड़ी टीम का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा हूं। जो भी हम हासिल करते हैं, वह हमेशा सामूहिक प्रयास होता है। नागरिकों का विश्वास और अपेक्षाएं हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी हैं। ईमानदार, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित सार्वजनिक सेवा कभी भी अपवाद नहीं होनी चाहिए। यह नॉर्म होनी चाहिए।” 
 

तुकराम मुंढे के बारे में जानें 

 
तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र के एफडीए आयुक्त के रूप में खाद्य मिलावट, अस्वच्छ रेस्तरां किचन और डार्क स्टोर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। उनकी कार्रवाइयों ने आम लोगों में उनकी लोकप्रियता बढ़ाई है और उन्हें सोशल मीडिया पर ‘रियल लाइफ सिंघम’ जैसे उपनाम भी दिए गए हैं। गोयनका की तारीफ ने इस चर्चा को और बढ़ावा दिया। 

अफसर की विनम्रता को मिले लाइक्स 

यह जवाब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से सराहा जा रहा है। कई यूजर्स ने तुकाराम मुंढे की विनम्रता और सामूहिक दृष्टिकोण की प्रशंसा की है। लोग कह रहे हैं कि ऐसे अधिकारी सिर्फ कार्रवाई से नहीं, बल्कि अपनी सोच से भी मिसाल पेश करते हैं। हर्ष गोयनका का सवाल भी कई लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है कि ईमानदार और निर्भीक अधिकारियों के उदाहरण क्यों इतने दुर्लभ माने जाते हैं। 
 
ये भी पढ़ें  -
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।