कैंसर एक ऐसी बीमारी है जो पीड़ित व्यक्ति को तोड़कर रख देती है। ऐसे में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कैंसर से पीड़ित एक महिला के पति ने अपनी पत्नी को स्पेशल फील करवाने के लिए अपने सिर के बाल मुंडवा दिए।
इमोशनल है नम्रता नितिन गोयल की कहानी
कैंसर से पीड़ित महिला का नाम नम्रता नितिन गोयल है और कीमोथेरेपी की वजह से उनके सिर के बाल जा चुके हैं। ऐसे में पति ने अपनी पत्नी का साथ देने के लिए अपने सिर के बाल भी मुंडवा दिए।
इंस्टाग्राम पर गोयल ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "तुमने सिर्फ अपना सिर ही नहीं मुंडवाया, बल्कि मेरा दर्द भी अपने साथ बांटा।"
वीडियो में उनके पति को अपना सिर मुंडवाते हुए देखा जा सकता है, जिसे कई सोशल मीडिया यूजर्स एप्रीसिएट कर रहे हैं। यूजर्स ने लिखा कि ये जीवन के सबसे कठिन दौर में प्यार, देखभाल और साझेदारी की सशक्त अभिव्यक्ति है।
बता दें कि कैंसर के इलाज के दौरान कीमोथेरेपी एक दर्दनाक प्रक्रिया है, जिसमें मरीज के सिर के बाल झड़ जाते हैं। हालही में गोयल ने एक और वीडियो साझा किया था जिसमें उन्होंने कीमोथेरेपी के बाद बाल झड़ने के दर्दनाक अनुभव के बारे में बताया था। उन्होंने कहा, “हेलो दोस्तों, राधे राधे। तो, मेरी दूसरी कीमोथेरेपी के बाद, मेरे बाल झड़ने लगे। बहुत ज़्यादा, मतलब बहुत ज़्यादा और मेरा सिर इतना संवेदनशील हो गया कि उसमें दर्द होने लगा था, बहुत दर्द। और जब बाल झड़ते थे, तो दर्द और भी बढ़ जाता था।”
उन्होंने आगे कहा, “इसलिए मैंने अपने पति से कहा कि अब समय आ गया है कि मैं अपना सिर मुंडवा लूं। इसके बिना काम नहीं चलेगा। मैंने अपने पति से कहा, 'क्या आप मेरी मदद कर सकते हैं?'”
गोयल ने आगे बताया कि उनके लिए वह पल कितना मुश्किल था, हालांकि उन्हें पता था कि बाल झड़ने वाले हैं।
उन्होंने कहा, “जब मेरे पति मेरी मदद कर रहे थे, तब भी मेरे सिर में बहुत दर्द हो रहा था, जब वह ट्रिमर से मेरी सिर को छू रहे थे। मुझे बहुत तकलीफ हो रही थी और मुझे लगता है कि ज़िंदगी में कुछ चीज़ें ऐसी होती हैं जिनके लिए हम कभी तैयार नहीं होते। मुझे पता था कि ऐसा होगा, मुझे पता था कि बाल झड़ेंगे, सारे बाल चले जाएंगे। लेकिन फिर भी मैं इसके लिए तैयार नहीं थी। मैं रोई तो नहीं, लेकिन बहुत दुखी थी।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
भारत के राष्ट्रगान में कितने राज्यों के नाम आते हैं, सच्चे देशभक्त ही बता पाएंगे; आज जान लें जवाब
महाराणा प्रताप के हाथी का क्या नाम था, जिसे देख मुगल भी कांपते थे; चेतक समझने की गलती न करें