डिजिटल पेमेंट के युग में UPI ने जीवन आसान बना दिया है, लेकिन दिल्ली की एक कंटेंट क्रिएटर ने इसका उल्टा प्रयोग करके सबको सोचने पर मजबूर कर दिया है। सदफ नाम की इस महिला ने करीब तीन महीने तक रोजमर्रा के खर्चों में UPI का इस्तेमाल लगभग बंद कर दिया और सिर्फ कैश से पेमेंट करना शुरू किया। उनका अनुभव बताने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे पिछले 6 महीनों में अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए, उन्होंने कहा कि कैश पेमेंट का उपयोग करने से उन्हें हर खरीदारी के प्रति अधिक जागरुकता मिली और अनावश्यक खर्चों को नियंत्रित करने में मदद मिली।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @rockstarz.gf नामक हैंडल से शेयर किया गया है। अपना अनुभव साझा करते हुए, सदफ ने कहा कि वह पिछले तीन महीनों से अधिकांश पेमेंट के लिए यूपीआई का उपयोग करने से बच रही हैं और मुख्य रूप से नकदी पर निर्भर हैं। वे बोलीं कि, 'सबसे बड़ा फर्क यह है कि अब मैं अपने खर्चों को लेकर बहुत ज्यादा सचेत हो गई हूं। यूपीआई में क्या होता है कि 5 छोटी-छोटी किस्तें देना कितना आसान है और पता भी नहीं चलता। अचानक ही मुझे पता भी नहीं चलता और मैं 1,000 रुपये खर्च कर देती हूं। जब भी मैं 500 रुपये का नोट देती हूं , मुझे ऐसा लगता है जैसे मेरे बटुए से पैसे निकल रहे हों। मुझे पता है कि मैं कितना खर्च करती हूं और मेरे पास कितना बचता है। इसी वजह से मेरी बिना सोचे-समझे खर्च करने की आदत लगभग खत्म हो गई है।'
'बजट बनाना हुआ आसान'
उन्होंने आगे कहा कि नकदी का उपयोग करने से बजट बनाना भी आसान हो गया क्योंकि वह बार-बार ऐप चेक करने के बजाय तुरंत यह ट्रैक कर सकती थी कि कितना पैसा उपलब्ध है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि यूपीआई को पूरी तरह से छोड़ देना व्यावहारिक नहीं था। खुले पैसे न होना या दुकानदारों द्वारा पैसे वापस न कर पाना जैसी परिस्थितियां अक्सर उन्हें डिजिटल भुगतान का उपयोग करने के लिए विवश करती थीं। उन्होंने कहा कि अब वह 80:20 का फॉर्मूला अपनाती हैं, अपने खर्च के पैसे का लगभग 80 प्रतिशत नकद में रखती हैं और नकदी की असुविधा होने पर यूपीआई का उपयोग करती हैं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को देखने के बाद कई यूजर्स ने उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा कि, 'मैंने ऐसा करना शुरू कर दिया है क्योंकि मेरे खाते से पैसे गायब हो जाते हैं, लेकिन मेरे पर्स में ही रहते हैं।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'लेकिन यूपीआई बहुत सुविधाजनक है, है ना? मैं कभी नकदी का इस्तेमाल नहीं करता।'
गौरतलब है कि, इससे पहले कई विदेशी टूरिस्ट भारत के UPI सिस्टम से बेहद इंप्रेस होते दिखे। इनके वीडियो भी काफी वायरल हुए थे।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -