Wednesday, February 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. क्या चीन की दीवार अंतरिक्ष से दिखाई देती है? जानें बचपन में पढ़ी बात सच है या झूठ

क्या चीन की दीवार अंतरिक्ष से दिखाई देती है? जानें बचपन में पढ़ी बात सच है या झूठ

Edited By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX Published : Feb 18, 2026 06:28 pm IST, Updated : Feb 18, 2026 06:28 pm IST

Great Wall of China Facts: चीन की महान दीवार के बारे में हमने बचपन में पढ़ा था कि यह दुनिया की एकमात्र मानव निर्मित चीज है जो अंतरिक्ष से भी दिखाई देती है। NASA और अंतरिक्ष यात्रियों के अनुसार, यह बात हकीकत से कोसों दूर है और इसे नंगी आंखों से अंतरिक्ष से देखना संभव नहीं है।

Great Wall of China visible from space, Great Wall of China, Great Wall of China Facts- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL चीन की महान दीवार।

Great Wall of China Facts: स्कूल की किताबों में हम सभी को पढ़ाया गया है कि चीन की महान दीवार दुनिया की एकमात्र मानव निर्मित चीज है जो अंतरिक्ष से दिखाई देती है। यह बात इतनी ज्यादा मशहूर है कि तमाम लोग इसे सच मानते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह सिर्फ एक अफवाह है? असल में, अंतरिक्ष से नंगी आंखों से चीन की दीवार बिल्कुल नहीं दिखती। NASA के वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष यात्रियों ने कई बार इसकी पुष्टि की है। यह अफवाह 1930 के दशक में शुरू हुई थी, जब एक कार्टून में दावा किया गया कि दीवार चंद्रमा से भी नजर आती है। उसके बाद यह बात फैलती गई और किताबों में जगह बना ली, लेकिन अब विज्ञान ने इसे गलत साबित कर दिया है।

चीन की दीवार को नंगी आंखों से देखना नामुमकिन

अंतरिक्ष यात्रियों का कहना है कि पृथ्वी से इतनी ऊंचाई पर चीन की दीवार को नंगी आंखों से देखना नामुमकिन है। यह खबर सुनकर आपको झटका लग सकता है, क्योंकि हमें बचपन से लेकर आज तक यही बताया गया है। यहां तक कि सामान्य ज्ञान की किताब में भी यह एक जाना-माना सवाल हुआ करता था। वैज्ञानिकों के मुताबिक, अंतरिक्ष से पृथ्वी पर कोई भी चीज देखने के लिए उसकी चौड़ाई और रंग का फर्क बहुत मायने रखता है। दीवार का रंग आसपास की जमीन से मिलता-जुलता है, इसलिए यह घुल-मिल जाती है। NASA का कहना है कि धरती की निचली कक्षा यानी कि लगभग 160 किलोमीटर की ऊंचाई से भी इसे नंगी आंखों से देखना नामुमकिन है।

सैकड़ों साल पुराना है चीन की दीवार का इतिहास

चीन की महान दीवार का इतिहास सैकड़ों साल पुराना है। इसे बनाने का काम कई राजवंशों में हुआ। मुख्य रूप से 221-206 ईसा पूर्व में किन राजवंश द्वारा इसके निर्माण की शुरुआत हुई। उस समय यह छोटी-छोटी दीवारों का मेल थी, जो हमलावरों से बचने के लिए बनाई गई थीं। बाद में, 1368-1644 ईस्वी में मिंग राजवंश के दौरान इसे मजबूत और लंबा बनाया गया। कुल मिलाकर, यह दीवार लगभग 21,000 किलोमीटर लंबी है, जो पहाड़ों, रेगिस्तानों और मैदानों से होकर गुजरती है। इसमें ईंट, पत्थर और मिट्टी का इस्तेमाल हुआ है। इस दीवार को बनाने का मुख्य मकसद मंगोल हमलावरों से चीन की रक्षा करना था।

मानवों का सबसे बड़ा निर्माण है चीन की दीवार

चीन की दीवार अंतरिक्ष से भले ही न दिखाई देती हो लेकिन यह इंसान द्वारा बनाई गई दुनिया की सबसे बड़ी चीज जरूर है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। हर साल करोड़ों टूरिस्ट इसे देखने आते हैं। इतिहासकारों का मानना है कि दीवार बनाने में लाखों मजदूरों की जान गई, जिससे इसे 'दुनिया की सबसे लंबी कब्रगाह' भी कहा जाता है। ऐसे में कहा जा सकता है कि चीन की दीवार मानव इतिहास की कुछ सबसे नायाब चीजों में शामिल है, और शायद इसीलिए इसके साथ तरह-तरह की अफवाहें भी जुड़ती चली गईं। ऐसे में कोई अगली बार अंतरिक्ष से चीन की दीवार दिखने की बात कहे, तो उसे हकीकत जरूर बता दें।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement