निरमा यूनिवर्सिटी में हाल ही में हुए एक सांस्कृतिक-तकनीकी कार्यक्रम के दौरान एक छात्र और प्रोफेसर के बीच हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना में प्रोफेसर को स्टेज पर एक छात्र का कॉलर पकड़ते और धमकी देते हुए देखा जा सकता है। छात्र ने फिल्म ‘गोलमाल 3’ का फेमस डायलॉग बोलकर प्रोफेसर को बीच में टोका था।
एक्स पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को एक्स पर @shobhitic नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो घटना टेक्नोफोरा 2026 के दौरान हुई, जो विभाग द्वारा 18 से 20 सितंबर 2026 के बीच आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक तकनीकी महोत्सव था। इसमें स्टैंड-अप कॉमेडियन रजत सूद का शो भी शामिल था। वीडियो में प्रोफेसर स्टेज पर मोबाइल से कुछ पढ़ते नजर आते हैं। तभी दर्शकों में बैठे एक छात्र ने चिल्लाकर कहा, “जल्दी बोल, कल सुबह पनवेल निकलना है।” यह डायलॉग फिल्म में मजाकिया अंदाज में बोला जाता है और इस पर काफी मीम्स भी बने हैं। प्रोफेसर ने जवाब में कहा, “तो निकल ले भाई,” फिर छात्र को इशारे से स्टेज पर बुलाया। छात्र के पास आने पर उन्होंने उसका कॉलर पकड़ लिया और कहा, “तुम्हारी क्या समस्या है? मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं। जिस दिन तुमने निरमा यूनिवर्सिटी कैंपस के किसी भी फैकल्टी सदस्य का अपमान करने की हिम्मत की, तुम हमेशा के लिए चले जाओगे।”
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। कुछ लोग कहते हैं कि छात्रों को शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए और कार्यक्रम में बाधा नहीं डालनी चाहिए। दूसरी तरफ आलोचक मानते हैं कि प्रोफेसर को शांत तरीके से निपटना चाहिए था, शारीरिक संपर्क और सार्वजनिक धमकी अनुचित है। कुछ पूर्व प्रोफेसर्स ने भी राय दी कि सम्मान दोतरफा होता है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के कुछ दिनों बाद वीडियो वायरल होने से पूरा मामला चर्चा में आ गया।
NSUI ने जताया विरोध
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के नेशनल कोऑर्डिनेटर भाविक सोलंकी ने एक बयान में दावा किया कि छात्र के साथ गलत व्यवहार किया गया। उन्होंने प्रोफेसर से माफ़ी मांगने और घटना की जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो NSUI विरोध प्रदर्शन करेगा। प्राइवेट यूनिवर्सिटी ने टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं दिया।
गौरतलब है कि, इससे पहले बच्चों को जंक फूड से बचाने के लिए टीचर्स के अनोखे तरीके का वीडियो वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -