पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा उत्सव की औपचारिक शुरुआत शनिवार, 10 अक्टूबर को महालय के पावन अवसर पर कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में एक अभूतपूर्व भव्यता के साथ हुई। राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम ने क्रिकेट के स्वर्ग कहे जाने वाले स्टेडियम को मां दुर्गा के स्वागत का दिव्य रंगमंच बना दिया। 10 हजार ढाकों की गड़गड़ाहट, हजारों शंखों की ध्वनि, लेजर शो, तीन हजार ड्रोन का आकाश-कला और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने पूरे माहौल को रोमांचक बना दिया। कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे शानदार वीडियोज
इंस्टाग्राम पर कई यूजर्स ने कोलकाता के ईडन गार्डन में हुए इस मेगा इवेंट के वीडियो शेयर किए हैं। इनमें एक वीडियो भारतीय जनता पार्टी की नेता और महासचिव स्मृति ईरानी ने भी शेयर किया।
बता दें कि, ईडन गार्डन्स की गैलरी में 40 हजार से अधिक दर्शक जमा हुए। लोग शाम चार बजे से ही कतार में लगने लगे थे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, राज्यपाल आर.एन. रवि और अन्य मंत्री-अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही शंखध्वनि, उलुध्वनि और ढाकों की थाप से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। यह करीब चार घंटे का कार्यक्रम था, जिसमें बंगाल की पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शुरुआत में हुए ये कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक नृत्यों से हुई। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने छऊ और रायबेंशे जैसे लोकनृत्य प्रस्तुत किए। गायकों ने आगमनी गीत और रबींद्र संगीत से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शान, कौशिकी चक्रवर्ती, लग्नजिता चक्रवर्ती और संगीतकार शांतनु मोइत्रा जैसे कलाकारों की प्रस्तुतियां खास आकर्षण रहीं। हजारों महिलाओं ने शंख बजाकर और उलुध्वनि से मां दुर्गा का स्वागत किया।
ड्रोन और लेजर शो ने बिखेरी अद्भुत छटा
रात के आसमान को रोशन करने वाले शो सबसे यादगार साबित हुए। तीन हजार ड्रोन के समन्वित प्रदर्शन में माँ दुर्गा की आकृति, कमल और अन्य प्रतीक आकाश में उभरे। लेजर शो और लाइट-एंड-साउंड प्रेजेंटेशन में महिषासुर मर्दिनी की कथा और दुर्गा पूजा की यात्रा को जीवंत किया गया। प्रोजेक्शन मैपिंग से मंच पर पौराणिक दृश्य उभर आए। अंत में आतिशबाजी ने आसमान को रंगों से भर दिया। ये दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और लाखों लोगों तक पहुंचे।
...और बन गया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स
इस कार्यक्रम में सबसे अधिक ढाकियों की एक साथ प्रस्तुति के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाणपत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस साल 12,400 नई दुर्गा पूजाओं को राज्य सरकार की मंजूरी मिली है और सभी को वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने पिछले वर्षों की तुलना में पूजाओं की संख्या में वृद्धि का जिक्र किया।
भाजपा सरकार में पहली दुर्गा पूजा
यह कार्यक्रम नई सरकार के अधीन पहली दुर्गा पूजा सीजन की शुरुआत था।
पहले रेड रोड पर पूजा समाप्ति के बाद कार्निवल होता था, अब महालया से ही उत्सव की औपचारिक शुरुआत ईडन गार्डन्स में की गई। जिलों में जायंट स्क्रीन पर भी इस कार्यक्रम का प्रसारण देखा गया। दर्शकों में पारंपरिक हाथ के पंखे भी बांटे गए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -