ओडिशा की एक मोबाइल रिपेयर शॉप में हुआ अनोखा वाकया सोशल मीडिया पर छा गया है। एक लंगूर अचानक दुकान में घुसा और दुकानदार को इंसानों की तरह गले लगा लिया। सीसीटीवी में कैद इस प्यारे पल का वीडियो करोड़ों लोगों तक पहुंच चुका है और सबका दिल जीत रहा है। लोग इसे ‘जादू की झप्पी’ कहकर तारीफ कर रहे हैं।
एक्स पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को एक्स पर @buitengebieden हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में साफ दिखता है कि शाम करीब 5 बजे एक लंगूर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में दाखिल होता है। दुकानदार उस समय मोबाइल पर गेम खेलने या फोन देखने में व्यस्त था। लंगूर काउंटर पर चढ़ता है, फिर सीधे दुकानदार की गोद में जा बैठता है और दोनों हाथों से उसकी गर्दन या छाती के आसपास लिपट जाता है। कुछ पल तक वह गले लगाए रहता है। दुकानदार हैरान तो होता है, लेकिन घबराता नहीं। वह शांत बैठा रहता है और लंगूर को अपने पास रहने देता है।
22 करोड़ से ज्यादा व्यूज
दुकान के मालिक आमिर (इंस्टाग्राम हैंडल @skamir3466) ने यह सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो तेजी से वायरल हो गया। खबर लिखे जाने तक इसे 22 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका था और करोड़ों लाइक्स मिल चुके थे। लोग कमेंट में लिख रहे हैं, “इसे तो बस झप्पी चाहिए थी”, “हम सबको कभी-कभी गले लगाने की जरूरत पड़ती है” और “इंसान और जानवर का प्यार देखकर दिल भर आया।”
लंगूर का व्यवहार देख यूजर्स हैरान
आमतौर पर बंदर या लंगूर दुकान में घुसकर केला या खाने की चीज मांगते हैं या उपद्रव मचाते हैं। लेकिन इस लंगूर ने न कुछ मांगा, न नुकसान पहुंचाया। सिर्फ प्यार से गले लगा लिया। दुकान में मौजूद दूसरा व्यक्ति (पीली शर्ट वाला) भी हैरान नजर आता है। पूरा माहौल शांत और दिल छू लेने वाला बना रहता है। लंगूर कुछ देर बाद शांति से चला जाता है।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं भावुक और मजेदार दोनों हैं। कई यूजर्स ने कहा कि यह वीडियो देखकर दिन बन गया। कुछ ने लिखा कि जानवर भी भावनाएं रखते हैं। कुछ ने दुकानदार की शांति की तारीफ की कि उन्होंने अचानक आए जंगली जानवर से घबराकर प्रतिक्रिया नहीं दी। कुछ ने शक जताया कि कहीं एआई तो नहीं, लेकिन ज्यादातर लोग इसे असली और दिल जीतने वाला मान रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, “काश उसने भी उसे गले लगाया होता।”
इसी तरह की बात करते हुए एक और यूजर ने कहा, “मैं खुद को रोक नहीं पाता, लेकिन उसे गले लगा लेता। मैं उन लोगों को नहीं समझता जिन्हें चमत्कारी बातचीत में कोई वैल्यू नहीं दिखती।”
इस मुलाकात के अचानक होने की वजह से एक दूसरे दर्शक ने भी मज़ाकिया अंदाजा लगाया, कहा कि, “सोचा था कि उसे लूट लिया जाएगा या उस पर हमला हो जाएगा, लेकिन एक दोस्त बस उसका हालचाल पूछ रहा था।”
एक यूजर ने बताया कि लंगूर का व्यवहार अजीब लग रहा था, जिससे पता चलता है कि कहानी में कुछ और भी हो सकता है। लिखा कि, “बहुत अजीब व्यवहार। बस यही मान सकते हैं कि आदमी और बंदर पहले भी बातचीत कर चुके होंगे।”
गौरतलब है कि, इससे पहले नाई की दुकान में मसाज कराते बंदर का वीडियो वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -