1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. ये है भारतीय नारी! ब्रेन स्ट्रोक के मरीज पति को पीठ पर उठाकर हॉस्पिटल लाई पत्नी, वायरल हुआ VIDEO

ये है भारतीय नारी! ब्रेन स्ट्रोक के मरीज पति को पीठ पर उठाकर हॉस्पिटल लाई पत्नी, वायरल हुआ VIDEO

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 07, 2026 06:52 pm IST,  Updated : Jun 07, 2026 06:52 pm IST

महाराष्ट्र के अकोला में एक पत्नी अपने बीमार पति को पीठ पर उठाकर हॉस्पिटल ले आई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Akola- India TV Hindi
पति को पीठ पर उठाकर लाई पत्नी Image Source : REPORTER INPUT

अकोला: महाराष्ट्र के अकोला से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक पत्नी अपने पति को पीठ पर उठाकर हॉस्पिटल लेकर आ गई। पति ब्रेन स्ट्रोक का मरीज है और स्ट्रेचर न मिलने की वजह से पत्नी उसे पीठ पर उठाकर डॉक्टर के पास ले आई। अब इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

इस मामले को देखने के बाद लोग यही कह रहे हैं कि स्त्री शक्ति होती है और अपने सुहाग को बचाने के लिए वह किसी भी मुसीबत से लड़ सकती है। महिला ने पति की जान बचाने के लिए दूसरे साधन ढूंढने की बजाय खुद की पीठ को ही स्ट्रेचर बना डाला। इस बात की हर तरफ तारीफ हो रही है।

क्या है पूरा मामला?

अकोला जिले के शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसी) में व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित अपने पति को इलाज के लिए पत्नी द्वारा पीठ पर उठाकर अस्पताल में ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि मरीज को भर्ती कराने के दौरान समय पर स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने के कारण महिला को अपने बीमार पति को पीठ पर उठाकर अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकना पड़ा। 

वायरल वीडियो में महिला के पेट पर बैग बंधा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि वह पीठ पर पति को लेकर डॉक्टरों, नर्सों और उपचार कक्ष की तलाश करती नजर आ रही है। यह दृश्य मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला है।

डॉक्टर ने क्या बताया?

इस पूरे मामले पर जीएमसी के अधिष्ठाता डॉक्टर संजय सोनुने ने अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि अस्पताल के कुछ डॉक्टरों, परिचारिकाओं और कर्मचारियों को कुछ दलाल तथा आरटीआई कार्यकर्ता अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं। उनके अनुसार पत्नी द्वारा पति को पीठ पर उठाने वाला वीडियो सुनियोजित तरीके से बनाया गया प्रतीत होता है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में कहीं भी भीड़ दिखाई नहीं दे रही है और मामले को जानबूझकर तूल दिया जा रहा है। (रिपोर्ट- अकोला से गुलाम मोहसिन)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।