1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. मिलिए आज के शाहजहां से जिन्होंने अपनी पत्नी के लिए बनवा दिया ताजमहल जैसा 4 BHK घर

मिलिए आज के शाहजहां से जिन्होंने अपनी पत्नी के लिए बनवा दिया ताजमहल जैसा 4 BHK घर

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Jun 16, 2025 09:42 am IST,  Updated : Jun 16, 2025 09:42 am IST

इस 4 BHK घर की खासियत यह है कि इस घर को मकराना के सफेद संगमरमर से बनवाया गया है, वही संगमरमर जो आगरा के ताजमहल में इस्तेमाल हुआ था।

ताजमहल जैसा दिखने वाला घर- India TV Hindi
ताजमहल जैसा दिखने वाला घर Image Source : SOCIAL MEDIA

लोग प्यार में क्या-क्या नहीं करते! कोई चाँद-तारे तोड़ लाने की बात करता है, तो कोई अपने दिल की गहराइयों से 7 जन्मों तक साथ निभाने का वादा करता है। अपने प्यार के ही खातिर शाहजहां ने दुनिया का सातवां अजूबा ताजमहल बनवा दिया था। आज ताज का दीदार करने दुनिया भर से लोग आते हैं और इसी ताजमहल की वजह से शाहजहां हमेशा के लिए अमर हो गए। शाहजहां को आने वाली कई पीढ़ियां अपने इतिहास की किताब में पढ़ेंगी। खैर, वो थे उस वक्त के शाहजहां, लेकिन आज हम आपको मिलवाने जा रहे हैं आज के शाहजहां से, जो अपनी पत्नी से इतना प्यार करते हैं कि उन्होंने अपनी पत्नी के लिए ताजमहल जैसा ही दिखने वाला एक आलीशान घर बना दिया।

पत्नी के लिए बनवाया ताजमहल जैसा घर

हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में रहने वाले आनंद प्रकाश चौकसे की, जिन्होंने अपनी पत्नी मंजूषा के लिए बिल्कुल ताजमहल जैसा ही दिखने वाला घर बना डाला। यह एक आलीशान 4 BHK घर है, जो कि मकराना मार्बल से बना हुआ है। यही मार्बल ताजमहल को भी बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया था। ये घर ताजमहल के एक तिहाई आकार में बना है, लेकिन इसकी भव्यता और शिल्पकला में कोई कमी नहीं है, जिसे देख शायद एक पल को आपको भी यही लगेगा कि आप ताजमहल में ही आ गए हों। इसकी मीनारें, गुंबद और नक्काशीदार मेहराबें इसे ताजमहल की हूबहू नकल बनाती हैं। घर में चार बेडरूम, एक किचन, एक लाइब्रेरी और एक मेडिटेशन रूम शामिल हैं, जो इसे एक आधुनिक और शाही आशियाने का रूप देते हैं।

इस घर को बनाने में आई इतनी लागत

बता दें कि इस घर का निर्माण तीन साल में पूरा हुआ, जिसमें सूरत, आगरा, और मकराना के लगभग 500 कारीगरों ने मेहनत की। इंजीनियर प्रवीण चौकसे वीडियो में बताते हैं कि इस घर का क्षेत्रफल मीनारों सहित 90 बाय 90 फीट है, और इसका गुंबद 29 फीट ऊंचा है। घर की दीवारें 9-9 इंच मोटी हैं, जिनके बीच दो फीट का गैप रखा गया है, जिससे यह सालभर ठंडा रहता है। इस अनोखे घर की कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। आनंद चौकसे जी की यह कहानी न सिर्फ प्रेम की गहराइयों को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सपने को हकीकत में बदलने की हिम्मत इंसान को कहां तक ले जा सकती है।

वीडियो सोशल मीडिया पर छाया

इस अनोखे घर का वीडियो इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर प्रियंम सरस्वत ने शेयर किया, जिसे अब तक 14.7 मिलियन व्यूज और 1.3 मिलियन लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो में आनंद और उनकी पत्नी मुस्कुराते हुए प्रियंम सरस्वत को अपने घर का टूर कराते हैं और इस दौरान आनंद बड़े ही गर्व से बताते हैं कि यह घर पूरी तरह उनकी पत्नी को समर्पित है। आनंद कहते हैं, “यह 100% मेरी पत्नी के लिए बनाया गया है, और हमारा प्यार हमेशा हमारे साथ रहेगा।”

कैसे बना ये घर

आनंद प्रकाश चौकसे बताते हैं कि वे शुरू से ही ताजमहल की खूबसूरती के दीवाने थे। उनकी यह इच्छा थी कि वे अपनी पत्नी के लिए कुछ ऐसा करें, जो हमेशा के लिए उनके प्यार को अमर कर दे। आनंद ये भी बताते हैं कि बुरहानपुर में ताजमहल न बन पाने की कसक उनके मन में थी, क्योंकि इतिहास के अनुसार, शाहजहां ने अपनी बेगम मुमताज की याद में ताजमहल बुरहानपुर में ताप्ती नदी के किनारे बनवाना चाहा था, लेकिन बाद में इसे आगरा में बनवाया गया। इस कसक को पूरा करने के लिए आनंद ने ताजमहल जैसा घर बनाने का फैसला किया। उन्होंने और उनकी पत्नी ने आगरा में ताजमहल और औरंगाबाद में बीबी का मकबरा (जिसे दूसरा ताजमहल कहा जाता है) का दौरा किया, ताकि वे इसकी वास्तुकला को बारीकी से समझ सकें। इसके बाद इंजीनियरों ने ताजमहल की 3D इमेज की मदद से इस घर को डिजाइन किया।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। 

ये भी पढ़ें:

मेकअप धोया, दूल्हा रोया! शादी में दुल्हन की रंगाई-पोताई देख हैरान रह गए लोग, चेहरे और हाथ की रंगत बिल्कुल अलग-अलग

मंदिर के बाहर बीवी के पैर पड़ रहा था शख्स, दादी ने देखा तो लगाई फटकार, बोलीं- 'सारी बुद्धि खत्म हो गई तेरी...'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।