उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टरों से भरा एक ट्रॉला पुल की रेलिंग पर चढ़कर खतरनाक तरीके से लटक गया। सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि ट्रॉला को हटाने को लेकर मौके पर विवाद भी खड़ा हो गया।
ये तस्वीरें मथुरा-आगरा हाईवे की हैं, जहां गोकुल रेस्टोरेंट के पास स्थित पुल पर ट्रॉला अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टरों से लदा यह भारी ट्रॉला पुल की रेलिंग पर चढ़ गया और आधा हवा में लटक गया। पुल के नीचे सर्विस रोड होने के कारण स्थिति और भी ज्यादा खतरनाक हो गई थी। अगर ट्रॉला नीचे गिरता, तो सर्विस रोड पर गुजर रहे लोगों के लिए बड़ा खतरा बन सकता था।
घटना में ड्राइवर हुआ घायल
हादसे में ट्रॉला चालक घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। फिलहाल, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉला अचानक असंतुलित हुआ और सीधे पुल की रेलिंग पर चढ़ गया। ट्रॉला में कई ट्रैक्टर लदे होने के कारण उसका संतुलन और बिगड़ गया, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
हटाने को लेकर विवाद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित किया। कुछ समय के लिए हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे धीरे-धीरे सामान्य किया गया। हादसे के बाद ट्रॉला को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई, लेकिन यहीं से विवाद शुरू हो गया। क्रेन ऑपरेटरों का साफ कहना था कि पहले ट्रॉला में लदे ट्रैक्टरों को उतारना जरूरी है, क्योंकि ऐसा नहीं करने पर संतुलन बिगड़ सकता है और ट्रॉला नीचे गिर सकता है।
वहीं, ट्रॉला मालिक इस बात पर अड़ा रहा कि वाहन को बिना ट्रैक्टर उतारे ही हटाया जा सकता है। स्थिति को जोखिम भरा देखते हुए क्रेन चालकों ने बिना ट्रैक्टर उतारे काम करने से इंकार कर दिया। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की निगरानी में ट्रॉला को सुरक्षित तरीके से हटाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
(रिपोर्टर- एम एस शर्मा)
ये भी पढ़ें-
ऐसी हवाबाजी के चक्कर में ही लोग अस्पताल पहुंचते हैं, Video देख आप भी हो जाएंगे हैरान
एस्केलेटर पर छिड़ा महासंग्राम, दो महिलाओं की लड़ाई का Video हो रहा खूब वायरल