Viral Video : भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े नेटवर्क में से एक है, जो विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। विदेशी पर्यटक अक्सर इसे सस्ता, आरामदायक और सांस्कृतिक अनुभव से भरपूर बताते हैं। यूके, यूएसए, कनाडा और यूरोप के यात्री भारतीय ट्रेनों की विशालता, सस्ती टिकट और सुविधाओं की तारीफ करते हैं। जहां यूरोप या अमेरिका में समान दूरी की यात्रा महंगी पड़ती है, वहीं यहां एसी स्लीपर या फर्स्ट क्लास में आरामदायक बर्थ, साफ चादरें, चाय-कॉफी और भोजन मिलता है। मगर, इस अच्छे सफर में नीदरलैंड की एक टूरिस्ट को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि जब रेलवे पुलिस बल की मदद से उसकी दिक्कत दूर हुई तो उसने सभी को थैंक्स कहा।
क्या है मामला
गौरतलब है कि, नीदरलैंड की एक टूरिस्ट ने मैसूरु रेलवे स्टेशन पर गलती से अपना गिटार छोड़ दिया था। इसके बाद उसे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों से समय पर सहायता मिली, जिससे रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई उजागर होती है। एक्स पर इस पोस्ट को @DrmMys नामक हैंडल से शेयर किया गया है। डीआरएम मैसूरु द्वारा साझा की गई एक पोस्ट के अनुसार, इस घटना में नीदरलैंड की नागरिक सुश्री रेन्स्के रोज़ टर्मेनलेन शामिल थीं, जिन्होंने ट्रेन नंबर 16551 एमएएस-एपी एक्सप्रेस में अपना गिटार छोड़ दिया था। पोस्ट के अनुसार, सूचना मिलते ही आरपीएफ कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने अशोकपुरम स्टेशन के कर्मचारियों के साथ मिलकर गिटार को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ले लिया।
सुरक्षित मिला गिटार
अगले दिन जांच पूरी करने के बाद गिटार को सुरक्षित रूप से यात्री को लौटा दिया गया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वस्तु सही मालिक तक पहुंची है। यात्री ने त्वरित कार्रवाई और पेशेवर रवैये के लिए आरपीएफ मैसूरु टीम की सराहना करते हुए अपना आभार व्यक्त किया। उसने कहा, "मैं अपना गिटार भूल गई और आरपीएफ चली गई। आपकी मदद के लिए मैं बहुत खुश हूं। धन्यवाद।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
Video : 'भारत में अराजकता, अत्यधिक भीड़भाड़ और गरीबी...' चीन से तुलना कर बोला विदेशी व्लॉगर,यूजर्स ने किया रिएक्ट
कश्मीर की बर्फ का ऐसा हाल देख खून खौल जाएगा, Viral Video पर भड़के यूजर्स; दिए ऐसे रिएक्शन