1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. और कितना गिरेगा इंसान! हादसे में घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा मोर, मदद करने के बजाय लोगों ने शरीर से नोच लिए सारे पंख

और कितना गिरेगा इंसान! हादसे में घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा मोर, मदद करने के बजाय लोगों ने शरीर से नोच लिए सारे पंख

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Sep 15, 2024 02:59 pm IST,  Updated : Sep 15, 2024 02:59 pm IST

इंसानों से सारी इंसानियत अब खत्म हो चुकी है। इसका जीता-जागता उदाहरण आपको इस वीडियो में देखने को मिल सकता है। जहां सड़क पर घायल पड़े एक मोर की मदद करने के बजाय लोगों ने उसके शरीर से उसके एक-एक पंख नोच डाले।

मोर के पंख नोचते लोग- India TV Hindi
मोर के पंख नोचते लोग Image Source : SOCIAL MEDIA

मोर को मारना अपराध है और उससे भी बड़ा अपराध उसकी तस्करी करना है। फिर भी बाजार में आज कल बड़ी संख्या में मोर पंख बिकते हैं। लोग अपने फायदे के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं और ऐसे में उन्हें किसी के मरने से भी कोई मतलब नहीं होता। कुछ ऐसा ही उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखने को मिल रहा है। वीडियो को देखने के बाद आप भी यहीं कहेंगे कि आखिर इंसान और कितना गिरेगा। क्या वाकई इस धरती से इंसानियत गायब हो चुकी है। वीडियो देख लोग सोचने पर मजबूर हो गए कि आखिर लालच ने हम इंसानों को कितना बड़ा राक्षस बना दिया है।

मर चुकी है इंसानियत

वैसे तो मोर हमारे देश का राष्ट्रीय पक्षी है। उस जीव की सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। लेकिन इस वीडियो में दिख रहे लोग मोर की सुरक्षा करने के बजाय उसे मौत देते हुए नजर आ रहे हैं। जहां सड़क पर पड़े घायल मोर को मदद की जरूरत थी, वहां लोग उसके पंखों को नोचकर अपने घर ले जाने की तैयारी में लगे हुए हैं। मोर के शरीर पर दिख रहे एक-एक पंख को लोगो ने नोच लिया और उसे सड़क पर ही तड़पता छोड़ दिया। 

मोर के शरीर से नोच लिया एक-एक पंख

वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @anitavladivoski नाम की यूजर ने शेयर किया और बताया कि यह मोर एक हादसे का शिकार हो गया था। जिसके बाद ये सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। जब लोगों की नजर इस पक्षी पर पड़ी तो वे उसकी मदद करने के बजाय उसके शरीर से उसके पंखों को नोचने लगे। वीडियो में देखा भी जा सकता है कि घायल मोर सड़क पर पड़ा हुआ है और उसके चारो तरफ लोगों की भीड़ लगी हुई है। फिर भी कोई भी उस मोर की मदद करने को तैयार नहीं। सबकी नजरे मोर के शरीर से उसके पंखों को नोचने पर टिकी हुई हैं। इंसानियत को ताक पर रखकर लोग मोर के साथ बेहद ही हैवानियत भरा काम करने लगते हैं। लोग मोर को उसी हाल में तड़पते हुए छोड़ उसके पंखों को नोचकर भागने लगते हैं।  

वीडियो देख आग बबूला हुए लोग

वीडियो देखने के बाद लोगों का गुस्सा सांतवे आसमान पर पहुंच गया। जहां कई लोगों ने कमेंट कर मोर के पंखों को लूटने वालों को जाहिल बताया। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि इन सभी लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय पक्षी के साथ इतनी बर्बरता की है। एक यूजर ने तो इतना तक कह दिया कि इन जाहिल लोगों को पकड़कर जेल में बंद कर देना चाहिए। एक अन्य यूजर ने लिखा - इंसानियत मर चुकी है, पता नहीं ये इंसान और कितना गिरेगा।  

ये भी पढ़ें:

"इसका गला काट दो", बच्चे ने गले में फंसा ली कुर्सी, लड़की ने टीचर को दिया ऐसा Idea कि वायरल हो गया Video

शेरनियों से अकेले लड़ते-लड़ते जिंदगी की जंग हार गया जिराफ, Video सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।