मुंबई की सड़कों पर बिकने वाली पानीपूरी भारतीय स्ट्रीट फूड का सबसे पसंदीदा स्वाद है। लेकिन हाल ही में रूसी इन्फ्लुएंसर इरिना रुदाकोवा के एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा छेड़ दी। पहले उन्होंने मुंबई के लोखंडवाला मार्केट में 60 रुपये की प्लेट पानी पूरी को महंगा बताकर मजाक उड़ाया, फिर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर 42 यूएई दिरहम यानी लगभग 1,096 रुपये की पानीपूरी देखकर अपनी गलती स्वीकार कर ली। वे बोलीं कि, 'दोस्तों, मैं गलत थी।'
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @irina.rai9 नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में वे मुंबई के लोखंडवाला मार्केट जा रही थीं। स्ट्रीट वेंडर से पानी पूरी का रेट पूछने पर जब जवाब मिला “60 रुपये”, तो इरिना हैरानी से बार-बार दोहराती रहीं- “60 रुपये, 60 रुपये!” उन्होंने इसे प्लेफुली महंगा बताया और शिकायत की। यह क्लिप वायरल हो गई और कई लोगों ने उनके रिएक्शन पर प्रतिक्रिया दी। हालांकि, उनकी पानी पूरी यात्रा यहीं खत्म नहीं हुई। 1 अगस्त को उन्होंने एक और वीडियो शेयर किया जिसमें वे खुद मुंबई की पानी पूरी चखती नजर आईं। कैप्शन में उन्होंने बताया कि उन्हें स्वाद पसंद आया।
तीन हफ्ते बाद दुबई में गलती का हुआ एहसास
इरिना बताती हैं कि, तीन हफ्ते बाद वे दुबई पहुंच गईं। वहां टर्मिनल-1 में पानी पूरी का विज्ञापन या मेनू देखकर वे स्तब्ध रह गईं। कीमत थी 42 दिरहम, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1,096 रुपये बैठती है। 42 सेकंड के इस नए वीडियो में इरिना ने हास्यपूर्ण अंदाज में कहा, “फ्रेंड्स, मुंबई के लोखंडवाला मार्केट में 60 रुपये की पानी पूरी को लेकर मैं गलत थी। मैंने इसके बारे में बहुत शिकायत की थी। अब मैं दुबई के टर्मिनल-1 पर हूं। यहां पानी पूरी 42 दिरहम यानी 1,096 रुपये की है। यह देखकर अब मैं मुंबई वापस जा रही हूं।”
क्यों फेमस है पानीपूरी
पानी पूरी या गोलगप्पे भारत का ऐसा व्यंजन है जो गरीब से अमीर तक सबको पसंद आता है। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता या छोटे शहरों में यह 20 से 80 रुपये प्रति प्लेट आसानी से मिल जाता है। लोखंडवाला जैसे इलाकों में 60 रुपये एक सामान्य कीमत मानी जाती है, खासकर अच्छी क्वालिटी और स्वच्छता वाले वेंडर्स पर। वहीं दुबई एयरपोर्ट पर यह कीमत जगह, रेंट, इंपोर्टेड सामग्री और टूरिस्ट मार्केट को ध्यान में रखकर तय होती है। इरिना का वीडियो इन दो दुनियाओं के अंतर को साफ दिखाता है-एक तरफ आम आदमी की पहुंच में स्ट्रीट फूड, दूसरी तरफ लग्जरी और सुविधा के नाम पर ऊंचे दाम।
कौन हैं इरिना रुदाकोवा
बता दें कि, इरिना रुडाकोवा रूस मूल की हैं और भारत में काम कर रही हैं। वे मॉडल, अभिनेत्री और डांसर के रूप में जानी जाती हैं। जो वे मनोरंजन इंडस्ट्री में करियर बनाने के लिए 20 वर्ष की आयु में भारत आ गईं। बिग बॉस मराठी सीजन 5 में पहली विदेशी प्रतिभागी के रूप में भी वे चर्चा में रही थीं। डिस्कवरी चैनल के एडवेंचर रियलिटी शो के सीजन 2 को जीतने के बाद उन्हें पहचान मिली, जिसमें उन्होंने 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता।
गौरतलब है कि, इससे पहले बेंगलुरु में नैनी का बर्थडे सेलिब्रेट करने वाली रशियन महिला का वीडियो वायरल हुआ था।
बेंगलुरु में रशियन महिला ने नैनी के बर्थडे को किया सेलिब्रेट, केक देखते ही इमोशनल हुई महिला; देखें रिएक्शन
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'ऐसी जगहों पर जाने से बचें...' रशियन महिला को पुरुषों के सैलून में मसाज कराते देख लोगों ने दी सलाह; Video