1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. कैंची धाम में खचाखच भीड़ से बुरा हाल! मंदिर में जबरन घुसते लोगों का Video वायरल; यूजर्स ने उठाए सवाल

कैंची धाम में खचाखच भीड़ से बुरा हाल! मंदिर में जबरन घुसते लोगों का Video वायरल; यूजर्स ने उठाए सवाल

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Oct 04, 2026 04:39 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 04:39 pm IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों कैंची धाम का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कैंची धाम में लोगों को भीड़ को मंदिर में जबरन घुसते दिखाया गया है।

Kainchi Dham video, Kainchi Dham Viral Video, Kainchi Dham Chaos Video, Viral Video- India TV Hindi
कैंची धाम में भीड़ का वीडियो वायरल। Image Source : IG/@DINESH_BORA_UK_01

नीम करोली बाबा की कर्मभूमि कैंची धाम इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से जूझ रहा है। 3 अक्टूबर 2026 को शूट किया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें मंदिर परिसर में भक्तों की बेकाबू भीड़ दिख रही है। लोग धक्का-मुक्की करते हुए सीढ़ियों से नीचे उतर रहे हैं और परिसर में घूमने में संघर्ष कर रहे हैं। वीडियो में रिकॉर्डिंग करने वाले व्यक्ति की आवाज साफ सुनाई देती है, “आराम से, आराम से, सबको दर्शन होंगे आराम से।” फिर वह जोड़ता है, “ये हाल है सुबह के समय।”  

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर @dinesh_bora_uk_01 ने शेयर किया। कैप्शन में लिखा गया, “भीड़ बेकाबू कैंची धाम 03 अक्टूबर।” क्लिप में सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर परिसर में ठसाठस भरे नजर आ रहे हैं। कई लोग एक-दूसरे को धक्का देकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। सुबह के समय भी भीड़ इतनी ज्यादा थी कि व्यवस्थाएं चरमरा गईं।  

फिल्म हनुमान अंश का असर ? 

बता दें कि, कैंची धाम लंबे समय से शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र माना जाता था। नीम करोली बाबा के भक्त यहां ध्यान, जप और हनुमान चालीसा का पाठ करने आते थे। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि, पिछले कुछ वर्षों में खासकर सोशल मीडिया और हालिया फिल्म ‘हनुमान अंश’ के असर से यहां पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। कई रिपोर्ट्स में बताया गया कि एक दिन में 27-30 हजार से ज्यादा भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हाईवे पर भी लंबा जाम लग रहा है।  

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कई यूजर्स ने दुख जताया कि यह जगह अपनी पुरानी शांति खो चुकी है। एक यूजर ने लिखा, “मुझे इस जगह के लिए बहुत दुख हो रहा है। ये क्या तरीका है यार। बचपन से देख रहा हूं। अब ये हाल है। ट्रेंड। लोग जाग जाएं इससे पहले कि बहुत देर हो जाए।” 

एक अन्य ने याद किया, “जब मैं छोटा था, यह जगह इतनी शांत और सुंदर थी। अच्छी एनर्जी थी। लेकिन सेलिब्रिटी हाइप और इंस्टाग्राम रील्स के बाद यह बहुत भीड़भाड़ और गड़बड़ हो गई है। लगता है कई लोग सिर्फ ट्रेंड के लिए आ रहे हैं, असली आस्था से नहीं।” 

कुछ यूजर्स ने व्यावहारिक सुझाव दिए। एक ने कहा, “फोन या फोटो की अनुमति मत दीजिए, आधी भीड़ कम हो जाएगी।” 

किसी ने स्थानीय लोगों की परेशानी का जिक्र करते हुए लिखा, “कृपया 2-3 महीने के लिए एंट्री बैन कर दीजिए। स्थानीय लोगों के लिए ये झुंड वाली मानसिकता वाले लोगों के कारण जीना मुश्किल हो गया है। फिल्म रिलीज होने के कारण आ रहे हैं, वरना कोई नहीं जानता था कि मंदिर कहां है और नीब करोरी बाबा कौन थे।” 

एक कमेंट में साफ लिखा गया, “हनुमान अंश देखकर जागे हुए लोग।”

क्या कहते हैं स्थानीय लोग 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि भीड़ के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। स्कूली बच्चे, एम्बुलेंस और आम यात्री जाम में फंस जाते हैं। मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों को भीड़ संभालने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि सुबह 11 बजे तक ही 28 हजार से ज्यादा भक्तों ने दर्शन कर लिए थे। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

हनुमान अंश का विदेशियों में क्रेज, अब अमेरिकी सिंगर वीडियो हुआ वायरल; गाया- 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।