1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. बारात बनी जंग का मैदान! घराती और बराती भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट का वीडियो वायरल

बारात बनी जंग का मैदान! घराती और बराती भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट का वीडियो वायरल

 Published : Feb 21, 2026 03:02 pm IST,  Updated : Feb 21, 2026 03:05 pm IST

मध्य प्रदेश के सीधी में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर थिरकते बराती और घरातियों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

Clash wedding function- India TV Hindi
घराती और बराती आपस में भिड़े Image Source : REPORTER INPUT

सीधी: सीधी जिले के पड़रा में शुक्रवार रात बारात के दौरान अचानक उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक शादी समारोह के दौरान घराती और बराती आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। वहीं इस घटना का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।

तीन लोग घायल

 जानकारी के अनुसार, सीधी में एक बारात खुशी पैलेस के पास से गुजर रही थी, तभी घराती और बराती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोगों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इस झड़प में कम से कम तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आईं।

स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारात में शामिल लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। माहौल खुशियों से भरा हुआ था। इसी बीच अचानक किसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी इस हंगामे से अछूते नहीं रहे। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तब जाकर स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई।

पास की पान दुकान के संचालक नितेश माझी ने बताया कि बारात सामान्य रूप से गुजर रही थी, तभी अचानक मारपीट शुरू हो गई। उनके अनुसार, विवाद का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका, परंतु झगड़ा काफी उग्र था और कई लोगलहूलुहान नजर आए। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

शिकायत मिलने पर पुलिस लेगी एक्शन

वहीं इस घटना का एक वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लोगों को एक-दूसरे से मारपीट करते हुए साफ देखा जा सकता है। हालांकि इस घटना को लेकर पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।

अभिषेक उपाध्याय, थाना प्रभारी कोतवाली ने बताया कि अब तक किसी भी पक्ष द्वारा आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत मिलती है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-मनोज शुक्ला, सीधी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।