Sitapur News: यूपी के सीतापुर में मिठाई की दुकान पर कस्टमर बनकर गए नकाबपोश चोर में दुकानदार का काउंटर पर रखा मोबाइल चोरी कर लिया। मोबाइल चोरी करने के बाद चोर दुकानदार से बात करते हुए भाग गया। काउंटर पर अपना मोबाइल न पाकर दुकानदार ने शोर मचाया लेकिन तब तक चोर भाग चुका था। हालांकि, चोरी की यह वारदात दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बता दें कि दुकानदार ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। यह पूरा मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के पुराना सीतापुर के कोर्ट चौराहे का है। पुराने सीतापुर के रहने वाले कदीर अहमद की कोर्ट चौराहे पर मिठाई और बेकरी की दुकान है।
शुक्रवार दोपहर एक अज्ञात नकाबपोश दुकान पर मिठाई लेने के लिए पहुंचा। दुकान पर वह दुकानदार कदीर से बातचीत करता रहा। सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि नकबपोश पहले काउंटर पर खड़े होकर कुछ देर तक बात करता हुआ दिख रहा है। इसी बीच दो महिलाएं भी दुकान में आती नजर आ रही हैं।
नकाबपोश से बात करते हुए दुकानदार सामान देने के लिए दूसरी तरफ आ जाता है। इसी बीच, काउंटर पर खड़े नकाबपोश ने काउंटर पर रखा दुकानदार का मोबाइल उठा लिया और फिर दुकानदार कदीर से बात करता हुआ चला जाता है।
सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात
इस मामले को लेकर दुकानदार कदीर ने नकाबपोश के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने सीसीटीवी के माध्यम से नकाबपोश की तलाश शुरू कर दी है। भीड़भाड़ वाले इलाके में दुकान से मोबाइल चोरी हो जाने की वारदात को लेकर लोगो में भय व्याप्त है।
(इनपुट- मोहित मिश्रा)
संपादक की पसंद