भारत की सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बेंगलुरु में रहना अब महंगा सपना बनता जा रहा है। 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपने मासिक खर्चों का डिटेल एस्टीमेट शेयर किया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उन्होंने बताया कि बिना किसी फिजूलखर्ची और पार्टी के भी उनका महीने का खर्च ₹74,000 पहुंच जाता है। पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'यह डरावना है क्योंकि मैं ज्यादा बाहर नहीं जाता और न ही पार्टी करता हूं, फिर भी बिल इतना भारी।'
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर the.wandering.dataset नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वॉलमार्ट में एमएल इंजीनियर आयुष ठाकुर ने एक इंस्टाग्राम वीडियो साझा करते हुए खुलासा किया कि बाहर घूमने या पार्टी में ज्यादा न जाने के बावजूद वह हर महीने लगभग 74,000 रुपये खर्च करते हैं। वीडियो में ठाकुर ने बताया कि उनका मासिक किराया 18,000 रुपये है, जबकि घरेलू सहायक पर 3,000 रुपये खर्च होते हैं। उन्होंने कहा कि वाईफाई, सब्सक्रिप्शन और बिजली पर वे 1,000 रुपये अतिरिक्त खर्च करते हैं। उन्होंने आगे बताया कि कंपनी द्वारा उपलब्ध कराई गई कैब और भोजन पर निर्भर रहने के कारण उन्हें आने-जाने या ऑफिस के खाने पर कोई खर्च नहीं करना पड़ता। वीडियो में उन्होंने कहा, 'यही कारण है कि मुझे अपनी सुबह 9 से शाम 5 बजे तक की नौकरी इतनी पसंद है।' शख्स ने बताया कि वह किराने का सामान, भोजन और प्रोटीन सप्लीमेंट पर हर महीने लगभग 12,000 रुपये खर्च करते हैं। उन्होंने बताया कि निवेश और एसआईपी में लगभग 30,000 रुपये खर्च होते हैं। अपनी आय का एक बड़ा हिस्सा निवेश करने की वजह बताते हुए उन्होंने मजाक में कहा, 'मेरे खाते में बेकार पड़े पैसे पर भरोसा नहीं किया जा सकता।'
'यह थोड़ा डरावना है'
उन्होंने यह भी कहा कि खरीदारी और रात 2 बजे अमेज़न से किए गए अचानक ऑर्डर सहित उनके विविध खर्चे लगभग 10,000 रुपये प्रति माह आते हैं। दावा है कि, टेक्नीशियन के कुल खर्चे ₹74,000 हैं। उन्होंने वीडियो में कहा, 'यह थोड़ा डरावना है, क्योंकि मैं उतना बाहर नहीं जाता और न ही पार्टी करता हूं। लेकिन मुझे लगता है कि इन बड़े शहरों में वयस्क जीवन जीना एक लंबा बिल भरने जैसा है।' वीडियो शेयर करते हुए ठाकुर ने कैप्शन में लिखा, 'बेंगलुरु में जीवन का असली पहलू साझा कर रहा हूं। खर्च, यात्रा, फिटनेस, काम और इन सबके बीच की हर चीज।'
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को देखने के बाद कई यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रियाएं दी हैं, जिनमें से कई ने उनके खर्च की तुलना अपने खुद के खर्चों से की। एक यूजर ने लिखा कि, 'भाई, 70-75 हजार तो बहुत कम हैं। मैं तो अपने खर्चे भी मुश्किल से चला पा रहा था, हर महीने 3 लाख से ज्यादा खर्च हो जाता था। आर्थिक स्थिरता नहीं मिल पा रही थी।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'निवेश को खर्च के रूप में नहीं माना जाना चाहिए और लिखा मुझे नहीं लगता कि एसआईपी को यहां खर्च के रूप में गिना जा सकता है क्योंकि वह पैसा वापस आ सकता है।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'मेरा भाई तो फुल-टाइम इंटर्नशिप के बाद मिलने वाली मेरी मासिक सैलरी से भी ज्यादा खर्च कर रहा है। अब इस इंटर्नशिप के बारे में क्या कहूं।'
गौरतलब है कि, इससे पहले एक महिला ने बेंगलुरु में अपने खर्चों के बारे में बताया था कि वह प्रतिमाह 82 हजार रुपये खर्च करती है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
बेंगलुरु में कमरे का 40 हजार रुपये किराया क्यों दे रहा ये लड़का, खुद बताई वजह; वायरल हो रहा Video