सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दिल छू लेने वाला ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। भारतीय फैशन मॉडल्स अपने गांव-कस्बे की साधारण जिंदगी और रैंप की चमक-दमक को एक ही रील में दिखा रहे हैं। ‘होमटाउन बनाम रनवे’ या ‘Me in my hometown vs Me on runway’ नाम के इस ट्रेंड में मॉडल्स पहले चपाती बेलते, पानी के घड़े उठाते, खेत में काम करते या लकड़ी काटते नजर आते हैं और फिर अचानक डिजाइनर आउटफिट में रैंप पर वॉक करते दिखते हैं।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम हैंडल @officialdeeksha03 से शेयर किया गया है। यह ट्रेंड इंस्टाग्राम रील्स पर छाया हुआ है। ज्यादातर वीडियो गढ़वाली गाने ‘स्वामी परदेश’ पर बनाए गए हैं। कैप्शन में लिखा होता है – “Me in my hometown vs…”। शुरुआत में मॉडल बिना मेकअप, साधारण कपड़ों में रोजमर्रा के काम करते दिखते हैं। फिर बीट बदलते ही सीन बदल जाता है और वही मॉडल लैक्मे फैशन वीक या अन्य बड़े शोज में ग्लैमरस अंदाज में रैंप वॉक करते नजर आते हैं। मॉडल दीक्षा का वीडियो सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसमें वे फर्श पर बैठकर चपाती बेल रही हैं। अगले ही पल वे लैक्मे फैशन वीक में डिजाइनर आउटफिट पहनकर रैंप पर चल रही होती हैं।
एक और मॉडल, करण ने अपने होमटाउन में पानी की बाल्टियां लेकर चलते हुए खुद को दिखाया, फिर रनवे पर कॉन्फिडेंस से चलते हुए एक क्लिप दिखाई।
महाराष्ट्र की साक्षी कुंभार भी इस ट्रेंड में शामिल हुईं। उनका वीडियो कुर्ता पहने और खेत की उपज इकट्ठा करते हुए शुरू होता है। फिर यह फैशन वीक में स्टाइलिश ब्लैक आउटफिट में उनके चलने पर जाता है।
इंटरनेशनल मॉडल नकुल भारद्वाज ने वर्साचे के लिए रनवे पर आने से पहले घर पर किचन के काम में मदद करते हुए खुद को दिखाया। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “घर से लंबा सफर लेकिन सब इसके लायक है।”
एक और मॉडल, राज डोबाल ने भी इस ट्रेंड में हिस्सा लिया। उनकी क्लिप में वह लैक्मे फैशन वीक में रनवे पर आने से पहले अपने होमटाउन में लकड़ी काटते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने इसे कैप्शन दिया, “मैं अपने होमटाउन में बनाम मैं रनवे पर।”
बेंगलुरु की मॉडल संगीता रमेश ने भी ऐसा ही एक वीडियो शेयर किया है। इसकी शुरुआत घर पर चपाती बेलने से होती है, फिर इसमें वह सिल्वर आउटफिट में रनवे पर चलती हुई दिखाई देती हैं।
इस प्रेरणादायक ट्रेंड के पीछे छिपा संदेश
यह ट्रेंड सिर्फ मनोरंजन नहीं है। यह छोटी जगहों से आने वाले युवाओं को यह संदेश देता है कि पृष्ठभूमि आपकी संभावनाओं को सीमित नहीं करती। मॉडल्स खुद कहते हैं कि, खेती-किसानी वाले गांव से भी रैंप तक पहुंचा जा सकता है। आपको बड़े शहर जाने की जरूरत नहीं, बस खुद पर विश्वास होना चाहिए। यूजर्स को ये ट्रेंड इसलिए भी पसंद आ रहा है क्योंकि इसमें फेक नहीं है। न ज्यादा फिल्टर, न ज्यादा एडिटिंग। बस दो दुनिया का सीधा कंट्रास्ट। एक तरफ गांव की धूल-मिट्टी और घर का काम, दूसरी तरफ लाइट्स, कैमरे और डिजाइनर कपड़े। यह दिखाता है कि सफलता पाने के बाद भी कई मॉडल अपनी जड़ों को नहीं भूलते।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया यूजर्स इस ट्रेंड को दिल छूने वाला बता रहे हैं। लोग लिख रहे हैं कि यह वीडियो सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं, बल्कि जड़ों से जुड़े रहने और मेहनत की कहानी है।
कई ने मॉडल्स की सादगी और आत्मविश्वास की तारीफ की है।
कुछ ने कहा कि फैशन इंडस्ट्री की चमक के पीछे इनकी असल जिंदगी को देखना अच्छा लगा।
गौरतलब है कि इससे पहले उस महिला का वीडियो वायरल हुआ था जिसकी धाराप्रवाह अंग्रेजी की तारीफ प्रियंका चोपड़ा ने की थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -