मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। ये वीडियो शाम के समय का आसमान का है। जिले के शहपुरा व मेहंदवानी क्षेत्र में आसमान में लोगों को एक अजीब चीज चलते हुए दिखाई दी। वीडियो देख लोग हैरत में पड़ गए। स्थानीय लोग मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने लगे। बड़े और बच्चों सभी में खासा उत्साह नजर आ रहा था।
सोमवार शाम दिखा ये अद्भुत नजारा
लोगों के अंधेरे में आसमान पर लाइटिंग का ट्रेन जैसा दृश्य दिखाई दिया, जो कि एक रफ्तार पर आसमान पर चलते हुए दिखाई दिया। इसे देख लोग खुद बोले कि आसमान में रेल उड़ रही है। डिंडौरी जिले के शहपुरा व मेहंदवानी क्षेत्र में ये नजारा सोमवार देर शाम दिखा है।
वीडियो की सच्चाई भी आई सामने
सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वहीं, अब इसके पीछे की सच्चाई भी सामने आई है। शहपुरा और मेहंदवानी जैसे इलाकों में आसमान में रोशनी की 'ट्रेन' जैसी जो कतार दिखाई दी है। असल में वह एलन मस्क की कंपनी 'स्पेसएक्स' (SpaceX) के स्टारलिंक उपग्रह (Starlink Satellites) हैं।
भारत के कई हिस्सों में देखे गए ऐसे वीडियो
जब ये उपग्रह एक साथ लॉन्च किए जाते हैं, तो वे अपनी निर्धारित ऊंचाई पर पहुंचने तक इसी तरह एक कतार में चलते हुए दिखाई देते हैं। हाल के दिनों में भारत के कई हिस्सों में इन्हें देखा गया है, जिससे लोग हैरान रह गए और इसे 'आसमान में उड़ती रेलगाड़ी' समझने लगे।
जानिए स्टारलिंक उपग्रह का उद्देश्य
मध्य प्रदेश ही नहीं भारत के अन्य हिस्सों से इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। स्पेसएक्स' (SpaceX) के स्टारलिंक उपग्रह का मुख्य उद्देश्य दुनिया के हर कोने में हाई-स्पीड सैटेलाइट इंटरनेट पहुंचाना है।
सूर्य की रोशनी में चमकने लगते हैं ये उपग्रह
बता दें कि स्टारलिंक उपग्रह ये पृथ्वी की निचली कक्षा (Low Earth Orbit) में होते हैं, इसलिए सूरज की रोशनी पड़ने पर ये रात के समय काफी चमकीले दिखाई देते हैं। इसलिए धरती से लोगों को ये दृश्य आसमान में उड़ती हुई ट्रेन जैसा दिखाई देता है।
दीपक कुमार नामदेव की रिपोर्ट