Trending GK Quiz : भारत में नदियों का जिक्र जब भी होता है तो गंगा, यमुना और सरस्वती का नाम आता है। इनमें से गंगा के बाद यमुना दूसरी सबसे बड़ी नदी है। हालांकि, यमुना से सटे इलाकों में कई बार इसे अपभ्रंश के तहत जमुना या जमना भी कह देते हैं। मसलन, दिल्ली-NCR का 'जमनापार' मोहल्ला। मगर, क्या आप जानते हैं कि, यमुना और जमुना नदी में क्या अंतर है ? दरअसल, भारत और बांग्लादेश की भौगोलिक चर्चाओं में भी प्राय: यमुना और 'जमुना' के नाम सुनाई देते हैं। दोनों नाम लगभग एक जैसे हैं, उच्चारण भी करीब-करीब समान है, इसलिए कई बार लोग इन्हें एक ही नदी समझ बैठते हैं। हालांकि, सच्चाई यह है कि यमुना और जमुना दो पूरी तरह अलग-अलग नदियां हैं, जो अलग-अलग देशों में बहती हैं और अलग-अलग नदी तंत्रों का हिस्सा हैं।
यमुना नदी के बारे में जानें
यमुना नदी भारत की प्रमुख नदियों में से एक है। यह उत्तराखंड के यमुनोत्री से निकलती है। लगभग 1,376 किलोमीटर लंबी यह नदी हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजरती हुई प्रयागराज में गंगा नदी से मिल जाती है, जहां प्रसिद्ध त्रिवेणी संगम बनता है। यमुना गंगा की सबसे लंबी सहायक नदी है। यह नदी कृषि, पेयजल और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। भगवान श्रीकृष्ण की लीला से जुड़ी यह नदी हिन्दू धर्म में पवित्र मानी जाती है। दिल्ली, आगरा, मथुरा और प्रयागराज जैसे शहर इसके किनारे बसे हैं।
जमुना नदी के बारे में जानें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जमुना नदी बांग्लादेश की प्रमुख नदियों में से एक है। यह वास्तव में ब्रह्मपुत्र नदी की निचली धारा है। ब्रह्मपुत्र तिब्बत में यारलुंग त्सांगपो के नाम से शुरू होकर भारत के अरुणाचल प्रदेश और असम से गुजरती है। जब यह नदी बांग्लादेश में प्रवेश करती है तो उसे 'जमुना' कहा जाता है। जमुना बांग्लादेश की तीन प्रमुख नदियों (पद्मा, मेघना और जमुना) में शामिल है। यह ब्रह्मपुत्र-जमुना प्रणाली दुनिया की सबसे बड़ी चोटीदार नदियों में से एक है, जो बाढ़ और नदी मार्ग परिवर्तन के लिए जानी जाती है।
यमुना और जमुना नदी में अंतर
दरअसल, यमुना नदी हिमालय के भारतीय भाग से निकलती है, जबकि जमुना ब्रह्मपुत्र की निरंतरता है जो तिब्बत से शुरू होती है। जहां एक ओर यमुना पूरी तरह भारत में बहती है तो वहीं, जमुना मुख्य रूप से बांग्लादेश में बहती है। यमुना 1,376 किमी लंबी है। जमुना खंड लगभग 205 किमी का है, लेकिन पूरी ब्रह्मपुत्र-जमुना प्रणाली बहुत विशाल है। यमुना हिंदू पौराणिक कथाओं से गहराई से जुड़ी है। जमुना बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था, कृषि और मछली पालन के लिए महत्वपूर्ण है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
कभी सोचा है, ऑटो का रंग पीला और हरा ही क्यों होता है; जवाब सुनकर सोच में पड़ जाएंगे
जब सेना के पायलट ने सरेआम गर्लफ्रेंड को किया प्रपोज, दिल खुश कर देगा ये Viral Video