बनबसा/चम्पावत: उत्तराखंड के बनबसा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार को जिम में एक्सरसाइज कर रहे एसओजी जवान की अचानक मौत हो गई। वह एक्सरसाइज के दौरान ही अचानक जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
बनबसा में शुक्रवार को जिम में व्यायाम कर रहे उत्तराखंड पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवान गिरीश भट्ट की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जनपद पिथौरागढ़ के निवासी तथा वर्तमान में बनबसा के ग्राम भजनपुर में रह रहे एसओजी जवान गिरीश भट्ट (38) पुत्र जयदेव भट्ट शुक्रवार दोपहर नियमित व्यायाम के लिए एक जिम पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यायाम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह फर्श पर गिर पड़े।
गौरतलब है कि देश के तमाम हिस्सों से पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें जिम में व्यायाम करते-करते तमाम लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे मामलों में अधिकतर में जान जाने की मुख्य वजह कार्डिएक अरेस्ट के रूप में सामने आई। ये एक ऐसी अवस्था है, जिसमें कोई व्यक्ति बात करते-करते अपनी जान गंवा देता है।
कार्डिएक अरेस्ट की वजह से अगर कोई व्यक्ति अचानक आपके सामने अचेत हो जाता है तो सबसे पहले उसके हृदय के ऊपर हाथ रखकर तेजी से पुश करें। ऐसा तब तक करना है, जब तक मरीज होश में ना आए। इसके फौरन बाद मरीज को हॉस्पिटल ले जाएं और उसका इलाज शुरू करवाएं। ध्यान रहे कि मरीज के अचेत होते ही उसके हृदय के ऊपर वाले हिस्से पर दोनों हाथों से जोर डालकर पुश करें। कार्डिएक अरेस्ट के फौरन बाद अगर ये प्रक्रिया की जाती है तो मरीज की जान बचने की संभावना बढ़ जाती है लेकिन अगर ऐसा नहीं किया गया और मरीज को हॉस्पिटल ले जाने में देरी हुई तो मरीज की जान जा सकती है। (रिपोर्ट: सुरेन्द्र कुमार गुप्ता)