1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. कार की सनरूफ पर बैठकर जमा रहे थे रौला, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने निकाल दी सारी हेकड़ी

कार की सनरूफ पर बैठकर जमा रहे थे रौला, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने निकाल दी सारी हेकड़ी

 Published : Feb 07, 2026 01:09 pm IST,  Updated : Feb 07, 2026 03:03 pm IST

कार की सनरूप पर बैठकर स्टंट करना और रौला दिखाना कुछ युवकों पर भारी पड़ गया। पुलिस ने इन युवकों को गिरफ्तार इनकी हेकड़ी निकाल दी। अब ये माफी मांग रहे हैं।

car, sunroof stunt- India TV Hindi
कार की सनरूप पर बैठकर स्टंट करनेवाले गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

संबलपुर (ओडिशा): कार की सनरूफ पर बैठकर सिगरेट पीते और रौला जमाते कुछ युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इनकी पहचान कर सारी हेकड़ी निकाल दी। हीराकुड बांध के डाइक रोड पर चलती कारों की सनरूफ और छत पर बैठकर खतरनाक स्टंट करने वाले 7 युवकों को  संबलपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला बुर्ला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत हीराकुड बांध के डाइक रोड का है जहां सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से कार स्टंट करना न सिर्फ गैरकानूनी काम है  बल्कि इससे आम लोगों की जान को भी खतरा पैदा हो सकता है। 

Related Stories

युवाओं की खतरनाक हरकतें

जानकारी के अनुसार, कुछ युवक चलती कारों में बेहद खतरनाक हरकतें कर रहे थे। कुछ युवक कार की छत पर बैठकर सफर कर रहे थे, तो कुछ फिल्मी अंदाज़ में पोज़ देते नजर आए। वीडियो में यह भी देखा गया कि चलती गाड़ियों के अंदर और ऊपर बैठे युवक सिगरेट पीते हुए स्टंट कर रहे थे। यह सब खुलेआम सार्वजनिक सड़क पर किया जा रहा था, जहां रोज़ाना बड़ी संख्या में वाहन चलते हैं।

ज़िगज़ैग तरीके से चला रहे थे वाहन

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कारें कभी सीधी रफ्तार में तो कभी ज़िगज़ैग तरीके से चलाई जा रही थीं। इससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। इस लापरवाह ड्राइविंग के कारण ट्रैफिक की सामान्य आवाजाही बाधित हुई और जान-माल को गंभीर खतरा पैदा हो गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इन खतरनाक स्टंट्स के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद आम लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कार्रवाई की मांग की। वायरल वीडियो के आधार पर  पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की, वाहनों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए दो कारों को जब्त कर लिया।

पुलिस ने किन धाराओं में दर्ज किया केस

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवकों द्वारा अत्यंत खतरनाक, तेज़ और लापरवाह तरीके से वाहन चलाने, सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करने और ट्रैफिक की सुचारु आवाजाही रोकने के स्पष्ट प्रमाण मिले। इस संबंध में बुरला थाना केस संख्या 56, दिनांक 06.02.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 7 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 281,285,3(5) तथा मोटर व्हीकल अधिनियम की धारा 184/201 के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिन वाहनों को जब्त किया गया है, उनके नंबर OD 15 N 0404 और UP 70 HY 2694 हैं। स्टंट में शामिल ड्राइवरों और उनके साथियों को बुर्ला थाना में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

युवकों ने मांगी माफी

इस पूरे मामले में हिरासत में लिए गए युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी है। पुलिस हमेशा सतर्क करती है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी पर फिर भी ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। यह घटना साफ संदेश है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए कानून तोड़ना और दूसरों की जान जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है। 

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।