सोशल मीडिया की दुनिया में हर दिन कोई न कोई वीडियो वायरल होता है, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं जो हंसी के ठहाकों के साथ-साथ बचपन की यादें भी ताजा कर देते हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। जिसमें एक छात्र एग्जाम में चीटिंग करते पकड़ा जाता है और फिर जो होता है, वो किसी कॉमेडी फिल्म से कम नहीं।
चीटिंग का चक्कर बाबू भइया
क्लासरूम, वो जगह जहां हर बच्चे का सपना होता है कि वो बिना पढ़े पास हो जाए। इस वायरल वीडियो में भी कुछ ऐसा ही सीन देखने को मिला। वीडियो में आप देख सकते हैं कि एग्जाम चल रहा है, टीचर की नजरें किसी बाज की तरह चारों तरफ घूम रही हैं, तभी उनकी नजर पड़ती है एक शरारती छात्र पर, जो एग्जाम हॉल में मोबाइल फोन लेकर बैठा हुआ है और नकल कर अपनी कॉपी भरे जा रहा है। बस, फिर क्या! टीचर ने उसका मोबाइल पकड़ लिया और कॉपी जब्त कर ली।
छात्र ने पूरे क्लास को कर दिया एक्सपोज
छात्र के पकड़े जाने पर जब टीचर ने उससे पूछा कि, “ये क्या कर रहे हो?” तब उसने जो कुछ भी किया वह किसी बॉलीवुड फिल्म के ट्विस्ट से कम नहीं था। दरअसल, खुद के पकड़े जाने के बाद छात्र ने बिना कुछ कहे पूरे क्लास का काला चिठ्ठा खोलकर रख दिया। उसने हर एक छात्र के काले करतूत को उजागर करते हुए उनके चीटिंग टूल्स को भी जब्त करवा दिया। जिनमें कोई मोबाइल लिए बैठा था तो कोई घर से फर्रे बनाकर लाया था। उस छात्र ने एक-एक कर सबके चीटिंग करने वाले हथियार जब्त कर मैम को सौंप दी। छात्रों के इस कारनामे को देख मैम दंग रह गईं। उन्होंने सोचा यहां तो पूरी की पूरी क्लास ही चीटिंग कर रही है। इस दौरान टीचर का चेहरा देखने लायक था। मैम के चेहरे पर आधा गुस्सा, आधा हैरानी साफ तौर पर झलक रहा था।
लोगों ने शेयर की अपनी स्कूल की यादें
इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @VidsBanned नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 60 हजार लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो को देखने के बाद लोग हंसते-हंसते लोटपोट हो गए। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए कहा, “ये तो हमारी क्लास लग रही है। हर स्कूल में ऐसा एक बच्चा होता है जो पकड़ा जाए तो पूरी गैंग को डुबो देता है।” दूसरे ने लिखा, “टीचर को ऑस्कर दो कोई, इतने ड्रामे के बाद भी उन्होंने हंसी रोक ली।” कई लोगों ने अपने स्कूल के किस्से शेयर किए। कोई बोला, “हमारे समय में तो चीटिंग का मतलब पर्ची पास करना था, अब तो बच्चे डिजिटल चीटिंग करते हैं।” एक और यूजर ने मजाक में लिखा, “इस बच्चे को तो CBI में भर्ती कर लो, इतनी जल्दी सारी पोल खोल दी।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
केरल की गलियों में घूमते दिखा शुतुरमुर्ग, कहां से आया यह पक्षी, नजारा देख हैरान रह गए लोग