OMG : दुनिया के सबसे चरम मौसम वाले इलाकों में से एक है डेथ वैली (Death Valley), जो अमेरिका के कैलिफोर्निया में मोहावे रेगिस्तान के बीच बसा है। यह जगह न सिर्फ धरती पर सबसे ज्यादा हवा का तापमान रिकॉर्ड करने के लिए मशहूर है, बल्कि यहां गर्मी इतनी तीव्र है कि सूरज निकलते ही तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच जाता है। गर्मियों में रात के न्यूनतम तापमान भी 30-35°C रहते हैं, जिससे सुबह होते ही गर्मी का कहर शुरू हो जाता है।
धरती का सबसे गर्म रिकॉर्ड
कई रिपोर्ट्स में दावा किया जाता है कि, 10 जुलाई 1913 को फर्नेस क्रीक में 56.7°C (134°F) का आधिकारिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया गया, जो आज भी हवा के तापमान का सबसे ऊंचा मापा गया रिकॉर्ड है। इससे पहले लीबिया का 58°C वाला दावा 2012 में खारिज कर दिया गया था। गर्मियों में यहां 49°C (120°F) से ऊपर का तापमान आम बात है, और कई दिनों तक 54°C से ज्यादा रहता है।
आखिर क्यों इतनी गर्मी है ये जगह
बताया जाता है कि, डेथ वैली समुद्र तल से 86 मीटर (282 फीट) नीचे स्थित है जो कि उत्तरी अमेरिका का सबसे निचला बिंदु है। चारों तरफ ऊंचे पहाड़ घेरते हैं, जो गर्म हवा को फंसाकर रखते हैं। सूखी मिट्टी और कम नमी हवा को और गर्म करती है। रेगिस्तान होने के कारण दिन में तेज धूप जमीन को भट्ठी बना देती है, जबकि रात में भी गर्मी नहीं निकल पाती। मई में औसत उच्चतम 38°C, जून-जुलाई में 43-47°C तक पहुंच जाता है। सूरज निकलने पर तापमान तेजी से चढ़ता है - कई बार सुबह 8-9 बजे ही 40°C पार कर लेता है।
यहां की आबादी के बारे में
बता दें कि, यहां की आबादी बहुत कम है। फर्नेस क्रीक और स्कॉटी कैसल जैसे इलाकों में कुछ लोग रहते हैं, लेकिन गर्मी के मौसम में पर्यटक सावधानी बरतते हैं। पार्क सर्विस चेतावनी देती है दिन में 10 बजे के बाद लंबी हाइकिंग से बचें, ढेर सारा पानी (प्रति व्यक्ति 4-5 लीटर) साथ रखें। यहां की मिट्टी का तापमान 93°C (201°F) तक पहुंच चुका है। हालांकि, रेगिस्तान के बीच की खूबसूरती भी अनोखी है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
कोचिंग और ट्यूशन में क्या अंतर होता है, कभी सोचा है इसका जवाब; आइए जानते हैं
क्या सचमुच फ्रांस में मर चुके इंसानों से भी शादी हो सकती है? जानिए इस अजब-गजब कानून का इतिहास