दुबई में काम करने वाली एक मानव संसाधन प्रबंधक ने मौजूदा जॉब मार्केट को बेहद कठिन बताते हुए कर्मचारियों को बिना बैकअप के नौकरी छोड़ने के खिलाफ चेतावनी दी है। अलिया वानी मसूद ने कहा कि इस बाजार में नौकरी होना एक विलासिता है। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे दूसरी नौकरी का प्रस्ताव मिले बिना नौकरी छोड़ने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार कर लें, क्योंकि वर्तमान रोजगार बाजार बेहद प्रतिस्पर्धी है। भर्ती के क्षेत्र में अपने अनुभव के आधार पर उन्होंने कहा कि उन्हें नियमित रूप से अनुभवी पेशेवरों से आवेदन प्राप्त होते हैं जो शुरुआती स्तर के पदों पर काम करने के इच्छुक होते हैं।
इंस्टग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @aliya.dxb नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में आलिया वानी मसूद ने बताया कि वे पिछले 10 साल से दुबई में एचआर मैनेजर के रूप में काम कर रही हैं। वीडियो में वे कहती हैं, 'अगर किसी ने आपको यह नहीं बताया तो सुन लो। यह अपनी नौकरी से नफरत करने का सबसे खराब समय है। मुझे रोज 10 से 20 सीवी मिलते हैं, जिनमें मैनेजर लेवल के अनुभव वाले लोग एंट्री-लेवल जॉब्स के लिए आवेदन कर रहे हैं। मैं पिछले 10 साल से दुबई में एचआर मैनेजर हूं और मौजूदा जॉब मार्केट के बारे में एक-दो बातें बता सकती हूं कि यह वाकई बहुत-बहुत तंग है।'
नौकरी से चिपके रहने और बैकअप प्लान रखने की सलाह
उन्होंने आगे कहा कि वे हर हफ्ते कई ऐसे लोगों से मिलती हैं जिन्हें हाल ही में नौकरी से निकाला गया है। ये लोग फ्रेशर नहीं बल्कि अच्छे पदों पर अनुभव रखने वाले प्रोफेशनल्स हैं। इसलिए उन्होंने सलाह दी, 'जो नौकरी आपके पास अभी है, उससे चिपके रहो, आभारी रहो और पूरी ईमानदारी से अपना काम करो।' कैप्शन में आलिया ने दोहराया कि अनुभवी उम्मीदवार सीमित अवसरों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'दुबई में पिछले 10 साल से एचआर मैनेजर के रूप में मैं ईमानदारी से कह सकती हूं कि यह बाजार ऐसी नहीं है जिसमें आप आसानी से नौकरी छोड़ दें। मैं देख रही हूं कि अत्यधिक अनुभवी लोग एंट्री-लेवल रोल के लिए आवेदन कर रहे हैं, लोग लेड ऑफ हो रहे हैं और अनगिनत सीवी हैं जिनके लिए कोई ओपनिंग नहीं। अगर आपकी नौकरी अभी आपके बिल चुका रही है तो उसे पकड़कर रखो। इस बाजार में नौकरी होना एक विलासिता है। बेशक, धमकाने, उत्पीड़न या अन्यायपूर्ण व्यवहार को बर्दाश्त न करें। अपने लेबर राइट्स जानें और जरूरत पड़ने पर कानूनी मदद लें—लेकिन जाने से पहले बैकअप प्लान जरूर बनाएं। यह हायरिंग टेबल के दूसरी तरफ से साझा कर रही हूं।'
यूजर्स ने जताई सहमति
यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने मसूद की बात से सहमति जताई और मौजूदा आर्थिक हालात में स्थिरता की अहमियत को स्वीकार किया। अनुभव वाले प्रोफेशनल्स भी नई नौकरी पाने में संघर्ष कर रहे हैं, जिससे जॉब मार्केट और अधिक प्रतिस्पर्धी हो गया है। एक यूजर ने लिखा, "नौकरी बाजार वाकई इस समय बेहद कठिन है।"
दूसरे ने कहा, "आजकल नौकरी होना एक सौभाग्य जैसा लगता है।"
तीसरे ने टिप्पणी की, "दूसरा ऑफर मिलने से पहले कभी इस्तीफा न दें।"
एक अन्य ने वीडियो को "एक बेहद जरूरी सबक" बताया।
गौरतलब है कि, इससे पहले अपनी जॉब को कोसने वालों को एक महिला ने अहम सलाह दी थी जिसका वीडियो भी इसके साथ वायरल हो रहा है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -