1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 1100 रुपए में एक पराठा, मुरथल के ढाबे का बिल देख बाहर आ गईं कस्टमर की आंखें

1100 रुपए में एक पराठा, मुरथल के ढाबे का बिल देख बाहर आ गईं कस्टमर की आंखें

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Jul 08, 2025 11:28 pm IST,  Updated : Jul 08, 2025 11:28 pm IST

मुरथल में पराठा खाने से पहले मेन्यू और बिल अच्छे से चेक कर लें, वरना जेब ढीली हो सकती है। कुछ ऐसा ही हुआ दिल्ली के एक कस्टमर के साथ जो पराठा खाने मुरथल के एक ढाबे में गया था।

मुरथल के ढाबे में 1 पराठे की कीमत 1184 रुपए- India TV Hindi
मुरथल के ढाबे में 1 पराठे की कीमत 1184 रुपए Image Source : SOCIAL MEDIA

मुरथल का नाम सुनते ही मुंह में गरमा-गरम पराठों का स्वाद घूमने लगता है। दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर बसे इस फूड हब की हर गली में ढाबों की महक और पराठों की सौंधी खुशबू बिखरी रहती है। लेकिन इन दिनों मुरथल का रेशम ढाबा अपने लाजवाब पराठों के लिए नहीं, बल्कि एक ‘महंगे पराठे’ के लिए सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जी हां, दिल्ली के एक ग्राहक ने दावा किया कि उसे एक पराठे और पानी की बोतल के लिए ढाबे ने 1,184 रुपये का बिल थमा दिया था। यह बिल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

बिल देखकर उड़े होश

सोशल मीडिया पर वायरल इस बिल की कहानी कुछ यूं है कि एक दिल्ली का शख्स रेशम ढाबे पर पेट भरने के इरादे से पहुंचा। उसने सोचा, “चलो, मुरथल के मशहूर पराठे का स्वाद लिया जाए।” उसने एक पराठा और एक पानी की बोतल ऑर्डर की। लेकिन जब बिल आया, तो उसके होश उड़ गए। बिल में कुल अमाउंट 1,184 रुपया लिखा था। यानी इतने में तो दिल्ली में एक अच्छा डिनर हो जाए। हैरान-परेशान ग्राहक ने ढाबे के मालिक से बात की, लेकिन मालिक ने कोई भी डिस्काउंट देने से इनकार कर दिया। नाराज ग्राहक ने बिल की तस्वीर खींची और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी और बस फिर क्या, यह बिल सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया।

ढाबे की सफाई: “यह कोई साधारण पराठा नहीं था!”

जब यह बिल सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो रेशम ढाबे का मैनेजमेंट भी चुप नहीं रहा। ढाबे के मैनेजर मंगत मालिक ने सफाई दी कि यह कोई आम पराठा नहीं था, बल्कि 21 इंच का ‘स्पेशल कॉम्बो पराठा’ था! इस पराठे में छह तरह की सब्जियां थीं, और इसके साथ रायता, सलाद, गुलाब जामुन, खीर और चार पापड़ भी सर्व किए गए थे। मैनेजर ने कहा, “यह पराठा 5-6 लोगों के लिए होता है। यह कोई सिंगल पराठा नहीं, बल्कि पूरा थाल था।” अब यह सुनकर कुछ लोग शांत हुए, लेकिन सोशल मीडिया पर मजे लेने वाले लोगों को कहां रुकना था।

बिल पर यूजर्स का रिएक्शन

X पर इस बिल को देखकर यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स की बौछार कर दी। एक यूजर, ए. शुक्ला ने तंज कसते हुए लिखा, “बस किसान की फसल सस्ती है, बाकी सब तो महंगा ही है!” एक अन्य यूजर ने चुटकी ली, “इतने में तो पूरा परिवार पराठे खाकर पेट भर ले, और ऊपर से पान भी खा ले।” किसी ने कहा, “यह पराठा नहीं, सोने का थाल था।” एक यूजर ने तो मजाक में लिखा, “1,100 रुपये में पराठा नहीं, मुरथल का आधा ढाबा खरीद लूंगा।” इस बिल को अब तक लाखों बार देखा जा चुका है, और लोग इसे जमकर शेयर कर हंस रहे हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें:

Video: नहीं देखा होगा ऐसा मगरमच्छ, टेढ़ी-मेढ़ी हड्डियों की वजह से बदल गया शरीर का ढांचा

VIDEO: ATM को लात मारते ही होने लगी नोटों की बारिश, जितना हो पाया उतना पैसा लेकर भागा शख्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।