पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर सभी नेता प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। बंगाल में मुख्य लड़ाई भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ है। वहीं, पश्चिम बंगाल के आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के बूदा अघोरी पाड़ा इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया है।
माइक के जरिए कर रहे थे चुनाव प्रचार
भाजपा की महिला कार्यकर्ता जयंती राय के अनुसार, उनके पति इलाके में माइकिंग के जरिए चुनाव प्रचार कर रहे थे। साथ ही भाजपा का झंडा लगा रहे थे। इसी दौरान तृणमूल के कुछ कार्यकर्ता, जिनका नाम अर्णव, दीपक और प्रदीप वहां पहुंचे और उन्हें झंडा लगाने से रोक दिया। आरोप है कि उन्होंने भाजपा के पक्ष में प्रचार न करने की धमकी भी दी।
लात-घूंसों से की पिटाई
बताया जा रहा है कि इसी बीच स्थानीय तृणमूल काउंसलर शम्पा दा ने भाजपा कर्मी को बातचीत के लिए एक कमरे में बुलाया। लेकिन आरोप है कि जैसे ही वह बातचीत के लिए कमरे में गए, दरवाजा बंद कर दिया गया, उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और लात-घूंसों से उनकी पिटाई की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद भाजपा नेता और आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट से उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने आसनसोल साउथ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि, इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिज्जू मंडल की रिपोर्ट